अच्छी खबर : वंशिका चौधरी बनीं गौतमबुद्ध नगर की प्रोबेशन अधिकारी, कही ये बड़ी बात

नोएडा | 3 साल पहले |

Tricity Today | वंशिका चौधरी बनीं गौतमबुद्ध नगर की प्रोबेशन अधिकारी



Gautam Buddh Nagar : गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी वंशिका चौधरी को 1 दिन के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी बना कर सम्मानित किया। प्रशासन ने मिशन शक्ति अभियान 3 के तहत शुक्रवार को नायिका इवेंट का आयोजन किया था। इस दौरान महिला सशक्तिकरण के लिए समाज को राह दिखा रही नारी शक्ति को सांकेतिक अधिकारी बनाकर उन्हें सम्मान दिया गया। ताकि अन्य महिलाएं भी प्रोत्साहित हों।

जिलाधिकारी सुहास एलवाई (DM Suhas LY IAS) के निर्देशों के क्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान 3 के अंतर्गत शुक्रवार को नायिका इवेंट का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय टेनिस प्लेयर वंशिका चौधरी पुत्री हरेंद्र सिंह को 1 दिन का सांकेतिक जिला प्रोबेशन अधिकारी बनाकर सम्मानित किया गया। 

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर नोएडा फेस 2 स्थित जिला प्रोबेशन कार्यालय में वंशिका चौधरी को शॉल एवं मोमेंटो देकर अपने पद पर एक दिन का सांकेतिक अधिकारी बनाते हुए सम्मान व्यक्त किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी को विभागीय योजनाओं से अवगत कराया। वंशिका ने खेलकूद के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों के बारे बताया। उन्होंने कहा कि वह आगामी दिसंबर में फिफ्टीन थाउजेंड्स डॉलर टूर्नामेंट 2021 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली हैं। 

कार्यालय में मौजूद सभी लोगों ने उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दीं। वंशिका ने सभी का धन्यवाद दिया। बताते चलें कि योगी आदित्यनाथ सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान चला रही है। इसके तहत हर तरह से नारी शक्ति को जागरूक और सक्षम बनाया जा रहा है। सरकार के साथ-साथ तमाम एनजीओ और स्वंयसेवी संस्थाएं इस अभियान में जुटी हैं।

अन्य खबरें