नोएडा में बारिश की वजह से हादसा : मोरना बस डिपो की दीवार गिरी, मौके पर पहुंचे अफसर

नोएडा | 13 घंटा पहले | Mayank Tawer

Tricity Today | मोरना बस डिपो की दीवार गिरी



Noida News : शहर में लगातार हो रही बारिश के चलते बुधवार रात मोरना बस डिपो के पीछे की दीवार गिर गई। यह दीवार गांव की तरफ थी। राहत की बात यह है कि हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था। दीवार गिरने के बाद मौके पर थाना सेक्टर-24 पुलिस तुरंत पहुंच गई और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर बताया कि दीवार के स्थान पर फेंसिंग की जाएगी, जिससे भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

15 मीटर लंबी दीवार गिरी
स्थानीय लोगों ने बताया कि दीवार गिरने की वजह रात और सुबह के समय की भारी बारिश थी। दीवार करीब 15 मीटर लंबाई तक गिरी है। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय देर रात होने के कारण वहां कोई नहीं था। आमतौर पर इस दीवार के पास लोग बैठते हैं और रेहड़ियां भी लगती हैं, लेकिन राहत से उस समय कोई नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। 

कई सेक्टरों में बिजली सप्लाई बाधित
भारी बारिश के चलते नोएडा के कई सेक्टरों में बिजली सप्लाई भी बाधित हो गई है। लोकल फाल्ट के कारण कई क्षेत्रों में बिजली की समस्या बनी हुई है। विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं, जिससे जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति को बहाल किया जा सके।

आज फिर बारिश के आसार
भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि गुरुवार दोपहर बाद एक बार फिर बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा 20 से 24 सितंबर तक बादल छाए रहने की संभावना है। बीच-बीच में हल्की धूप भी निकल सकती है। इस अवधि के दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

अन्य खबरें