कहां छिपा है श्रीकांत त्यागी? हम आपको बताते हैं, उसके बहुत नजदीक है नोएडा पुलिस

नोएडा | 2 साल पहले | Pankaj Parashar

Tricity Today | श्रीकांत त्यागी



Noida Shrikant Tyagi Case : नोएडा की ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसाइटी में महिला के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट करने के बाद फरार चल रहा श्रीकांत त्यागी कहां है? आजकल यह सवाल ना केवल गौतमबुद्ध नगर और उत्तर प्रदेश बल्कि देशभर के लोगों के दिमाग में चल रहा है। इस सवाल का जवाब हम आपको बताते हैं। 'ट्राईसिटी टुडे' को अपने विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक श्रीकांत त्यागी उत्तराखंड में छिपा हुआ है। बड़ी बात यह है कि नोएडा पुलिस उससे ज्यादा दूर नहीं है। रविवार को दिनभर श्रीकांत त्यागी और पुलिस के बीच लुका-छुपी का खेल चलता रहा है।

हरिद्वार-ऋषिकेश में जाकर श्रीकांत त्यागी ने शरण ली
शुक्रवार की शाम नोएडा से फरार होने के बाद अपने एक साथी को लेकर श्रीकांत त्यागी सीधे उत्तराखंड पहुंचा। उसने अपने मोबाइल नंबर स्विच ऑफ कर रखे हैं, लेकिन उसके साथ गया युवक तमाम दूसरे लोगों के संपर्क में है। उस युवक के मोबाइल नंबर के जरिए श्रीकांत त्यागी अपने वकीलों और सहयोगियों से संपर्क बनाए हुए है। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। रविवार को श्रीकांत की लोकेशन कभी हरिद्वार और कभी ऋषिकेश में मिलती रही। दिनभर पुलिस हरिद्वार-ऋषिकेश के बीच श्रीकांत को तलाश करती रही। गौतमबुद्ध नगर पुलिस के विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दो टीम हरिद्वार और ऋषिकेश में कैंप किए हुए हैं।
उत्तराखंड में 6 फ्लैट श्रीकांत ने किराए पर लिए

श्रीकांत त्यागी ने पिछले दिनों उत्तराखंड में 6 फ्लैट किराए पर लिए थे। इन फ्लैटों का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। नोएडा पुलिस को शक है कि इन्हीं फ्लैट में श्रीकांत त्यागी ने छपने के लिए ठिकाना बनाया हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक श्रीकांत त्यागी ने उत्तराखंड में सीएनजी पाइप लाइन बिछाने के लिए ठेका हासिल किया था। इस प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों को ठहराने के लिए यह 6 फ्लैट किराए पर लिए गए हैं। नोएडा पुलिस का अनुमान है कि अब वहीं श्रीकांत त्यागी छिपा हुआ है।

श्रीकांत के साथी ने रविवार को 10 बार मोबाइल ऑन किया
श्रीकांत के साथ हरिद्वार और ऋषिकेश गया युवक पूरी चौकसी बरत रहा है। उसका मोबाइल लगातार ऑन नहीं है। रविवार को उसने 10 बार अपना मोबाइल स्विच ऑन और ऑफ किया है। हर बार मोबाइल स्विच ऑफ होने पर पुलिस को श्रीकांत और उस युवक की लोकेशन मिलती रही, लेकिन लोकेशन कभी हरिद्वार तो कभी ऋषिकेश में मिली है। इसके चलते पुलिस अब तक उसको पकड़ नहीं पाई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि श्रीकांत और उनकी टीम के बीच बमुश्किल 10 किलोमीटर का फासला है। पुलिस को उम्मीद है कि सोमवार की दोपहर तक यह 10 किलोमीटर का फासला खत्म हो जाएगा।

अन्य खबरें