नोएडा :  करवाचौथ के दिन महिलाओं ने क्यों प्रदर्शन किया, प्राधिकरण और प्रशासन रहे निशाने पर

नोएडा | 3 साल पहले | Anika Gupta

Tricity Today | करवाचौथ के दिन महिलाओं ने क्यों प्रदर्शन किया



Noida News : करवा चौथ के मौके पर नोएडा शहर में महिलाओं ने प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया है। महिलाओं ने शहर के सेक्टर-50 में इकट्ठे होकर नारेबाजी की और खराब हालात के लिए अफसरों को जिम्मेदार ठहराया है। महिलाओं के साथ कांग्रेस नेत्री पंखुड़ी पाठक भी मौजूद रहीं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर हालात नहीं सुधरे तो पूरे शहर में व्यापक आंदोलन खड़ा किया जाएगा।

इन बड़े मुद्दों को लेकर महिलाओं ने किया प्रदर्शन
करवा चौथ के दिन नोएडा के सेक्टर-50 की महिलाओं ने अपने सेक्टर में सुरक्षा, ट्रैफिक और कमर्शियल एक्टिविटी आदि मुद्दों को लेकर नोएडा प्राधिकरण, पुलिस और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया है। निवासियों का कहना है कि नोएडा प्राधिकरण के भ्रष्टाचार के चलते रेजिडेंशियल सेक्टर में कमर्शियल एक्टिविटी कारवाई जा रही हैं। शहर के मास्टरप्लान के विरुद्ध जाकर स्कूल और निजी अस्पताल बनवाए गए हैं। जिनके चलते सेक्टर में रोज़ जाम लगता है और बेतहाशा शोर होता है।

मुद्दे की गंभीरता बताने के लिए करवा चौथ को प्रदर्शन
सेक्टर-50 की निवासी छवि मेथि ने कहा, "हम आज करवा चौथ के दिन इसलिए विरोध कर रहे हैं ताकि प्राधिकरण समझे कि हमारा मुद्दा कितना गम्भीर है। यह हमारी सुरक्षा का मुद्दा है। हम सेक्टर की बाउंड्रीवॉल की मांग कर रहे हैं। जिसके ना होने की वजह से आए दिन हमारे सेक्टर में चोरी और चेन स्नैचिंग होती हैं।" प्रीति अग्रवाल ने कहा, "हम प्राधिकरण के बहुत चक्कर काट चुके हैं। वह सब समस्या जानते हैं पर फिर भी कुछ नहीं करते हैं। अगर हमारी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हम धरने पर बैठने के लिए मजबूर हो जाएंगे।"

पंखुड़ी पाठक ने कहा- हमारे जनप्रतिनिधि बेपरवाह
कांग्रेस नेत्री पंखुड़ी पाठक ने कहा, "हमें महिलाओं के विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिली तो हम यहां पहुंचे हैं। यह दुःख है कि करवा चौथ के दिन निर्जला व्रत कर रही महिलाएं धूप में आन्दोलन करने को विवश हैं। इससे भी दुखद बात यह है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि से लेकर प्रशासन तक कोई सेक्टर वासियों की बात नहीं सुन रहा है।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सेक्टर-50 के मुद्दों के समाधान का प्रयास करेगी।"

पुलिस मौके पर पहुंची, प्राधिकरण को जानकारी नहीं
इस मौके पर कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष अनुपम ओबेरॉय, उपाध्यक्ष आरके प्रथम, परमिंदर सिंह, आकाश पाल, मंजू प्रथम और अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से जानकारी हासिल की। दूसरी ओर महिलाओं के प्रदर्शन के बारे में कोई जानकारी होने से नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों ने इंकार किया है।

अन्य खबरें