BIG BREAKING: यूपी में 10 मई तक लागू रहेगा लॉकडाउन, कल के बजाय अगले सोमवार को खुलेंगे बाजार

Tricity Today | यूपी में 10 मई तक लागू रहेगा लॉकडाउन



उत्तर प्रदेश में अनियंत्रित कोरोना वायरस को रोकने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुरुवार, 7 मई की सुबह समाप्त हो रहे लॉकडाउन को बढ़ाते हुए 10 मई तक कर दिया है। अब राज्य में लॉकडाउन सोमवार, 10 मई सुबह 7:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान सभी सेवाएं पहले की तरह स्थगित रहेंगी। पहले की तरह सिर्फ इमरजेंसी, स्वास्थ्य और एसेंशियल सर्विस से जुड़े लोगों को लॉकडाउन में छूट दी जाएगी।

अब से थोड़ी देर पहले टीम-9 के साथ कोविड की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह बड़ा फैसला लिया है। सभी जिलाधिकारियों को इस बाबत सूचना दी जा रही है। दरअसल उत्तर प्रदेश में पिछले 7 दिनों में कोरोना के करीब ढाई लाख मरीज मिले हैं। यह प्रदेश सरकार के लिए बड़ी चुनौती है और इससे पार पाने के लिए लॉकडाउन को लागू रखने का निर्णय लिया गया है। इससे उन लोगों को निराशा होगी, जो 7 मई को लॉकडाउन खुलने का इंतजार कर रहे थे।

352 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश में वर्तमान में कोरोना के सक्रिय मामले 272568 हैं। पिछले 24 घंटे में 25,858 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि इसी दौरान 352 लोगों की मौत हुई है। लखनऊ में कोरोना के केस में गिरावट आई है। 24 घंटे में यहां 5079 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। 2407 नए केस मिले और 22 लोगों की मौत हुई है। अब तक राज्य में 13,68,183 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 10,81,817 ठीक हो चुके हैं। वहीं मौत का आंकड़ा 13,798 पहुंच गया है। 
 

अन्य खबरें