गाजियाबाद में धरना : जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर प्रदर्शन, पीएम को भेजा ज्ञापन

गाजियाबाद | 3 महीना पहले | Dhiraj Dhillon

Tricity Today | धरने को संबोधित करते जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी



Ghaziabad News : जनसंख्या समाधान फाउंडेशन की ओर से बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। फाउंडेशन की ओर से जनसंख्या विस्फोट और जनसांख्यिकीय असंतुलन की ओर ध्यान खींचा गया। इसके समाधान हेतु प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग की गई है। धरने में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंधाधुंध बच्चे पैदा करने की प्रवृत्ति पर केवल जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाकर ही अंकुश लगाया जा सकता है। कानून में एक-एक पल की देरी भारत और भारतीय संस्कृति के लिए पूर्व की भांति ही विघटनकारी साबित हो सकती है। एक वर्ग विशेष द्वारा रणनीति के तहत जानबूझकर बढ़ाई जा रही जनसंख्या और सनातन समाज की युवा पीढ़ी में एक बच्चे तक सीमित रहने की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण देश के अनेक भागों में छह वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों में जनसंख्या का संतुलन उस वर्ग विशेष के पक्ष में झुकता दिखने लगा है। 

भारत में जनसंख्या असंतुलन
भारत जनसंख्या में धार्मिक असंतुलन के कारण हुए विघटन के दंश का प्रत्यक्ष भुक्तभोगी है, परन्तु पूर्व की सरकारों की विभाजन के तुरन्त बाद से जारी तुष्टिकरण की नीति के चलते अब फिर से वैसी ही परिस्थितियां बनती दिखाई दे रही हैं। इसलिए विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच जनसंख्या का अनुपात वर्तमान अनुपात के अनुसार बनाए रखने के उद्देश्य से 'जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की माँग को लेकर 'जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन द्वारा विगत लगभग 11 वर्षों से हजारों छोटी-बड़ी सभाएं, धरना-प्रदर्शन, सांसद-संवाद कार्यक्रम, राष्ट्रपति सहित महत्वपूर्ण लोगों से भेंट आदि के रूप में राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। 

जनप्रतिनि‌धियों को घेराव करेगा संगठन
इस अभियान को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं संगठन के मुख्य संरक्षक डा. इन्द्रेश कुमार एवं केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सहित 125 सांसदों का समर्थन प्राप्त है। संगठन के जिलाध्यक्ष ने बताया कि "जनसंख्या नियंत्रण कानून' बनाने हेतु समय रहते आवश्यक कदम ना उठाए जाने की स्थिति में निकट भविष्य में विधायक एवं सांसदों सहित महत्वपूर्ण जनप्रतिनिधियों के घेराव की योजना पर भी संगठन में विचार चल रहा है।

फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी भी रहे मौजूद
जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी, राष्ट्रीय संयोजक ममता सहगल, राष्ट्रीय महासचिव वंदना त्यागी, महानगर अध्यक्ष श्याम सुंदर त्यागी, राष्ट्रीय महासचिव वित्त नरेंद्र त्यागी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नेपाल सिंह, हरपाल सिंह, महेश आहूजा,,अमरदत्त शर्मा, डॉ. आरके पोद्दार, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी, महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष हेमा शारदा, गोपाल अग्रवाल, मोहित त्यागी, रिंकू त्यागी, रीना त्यागी, मुकेश त्यागी, मनोज त्यागी, त्रिलोक चौधरी, महिला विंग महानगर अध्यक्ष वर्षा हजेला, निर्मला उपाध्याय , विनीत शर्मा, राजू चौधरी, अमित रंजन सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

अन्य खबरें