GREATER NOIDA WEST: चोरों ने घर के सामने से उड़ाई डबल-डेकर बस, अदालत के आदेश पर पुलिस ने दो महीने बाद दर्ज किया मामला

Google Image | बस की फाइल फोटो



ग्रेटर नोएडा वेस्ट (Greater Noida West) से करीब 2 महीने पहले चोरी हुए एक प्राइवेट डबल डेकर बस (Double Decker Bus) के मामले में कोर्ट के आदेश पर अब मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने केस पंजीकृत कर चोरी की गई बस और चोरों का पता लगाना शुरू कर दिया है। दरअसल इस मामले में पीड़ित ने नोएडा पुलिस में केस दर्ज कराने की कोशिश की थी। लेकिन नोएडा पुलिस की आनाकानी के बाद पीड़ित को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। अब अदालत के आदेश के बाद बिसरख पुलिस स्टेशन (Bisrakh police station) में बस की चोरी का मामला दर्ज किया गया है।

डबल डेकर बस के मालिक, शाहबेरी के साईं गार्डेन में रहते हैं। इस बारे में उन्होंने जानकारी दी। बस के मालिक शिव नरेश सिंह ने बताया कि, 'उनके पास अपनी एक डबल डेकर बस थी। वह बस को नोएडा और औरैया के बीच चलाते थे। इसी साल 15 जनवरी को बस उनके घर के बाहर खड़ी थी। अगले दिन सुबह जब उन्होंने देखा, तो बस वहां से गायब मिली। मालिक और परिजनों ने बस की खोजबीन शुरू की, लेकिन नहीं तलाश पाए।'

पुलिस ने आनाकानी की
पीड़ित मालिक ने बताया कि बस उनकी आजीविका का एकमात्र जरिया था। बस चोरी होने के तुंरत बाद वह स्थानीय पुलिस स्टेशन गए थे। लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। पुलिस की उपेक्षा से परेशान होकर उन्होंने अदालत का रुख किया। कोर्ट ने पुलिस को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। पीड़ित का कहना है कि अगर वक्त से मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की जाती, तो शायद बस मिल जाती।

अब दर्ज हुआ है मामला
बिसरख पुलिस स्टेशन की SHO अनीता चौहान ने इस बारे में बात की। उन्होंने कहा कि शनिवार को अज्ञात चोर के खिलाफ आईपीसी की धारा-379 (चोरी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में हमें कोर्ट से आदेश मिला था। मामला अदालत के आदेश पर दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

चोरी के अजोबीगरीब मामले आते हैं 
ग्रेटर नोएडा के ज्यादातर पुलिस थानों में चोरी की अजीबोगरीब वारदातें रिपोर्ट होती हैं। सोमवार को ही दादरी कोतवाली पुलिस ने लोहे की सैटरिंग और सरिया चोरी करने वाले चार चोरों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से 28 प्लेट लोहे की सैटरिंग और 20 पीस सरिया बरामद किया है। अब बिसरख कोतवाली में निजी डबल डेकर बस की FIR दर्ज होने के बाद पुलिस बेचैन है।

अन्य खबरें