Noida News : हाइटेक सिटी में दहेज की बलिवेदी पर चढ़ी 2 बेटियां, बिसरख थाने में 12 लोगों पर एफआईआर

Google Image | Symbolic Image



Greater Noida West : हाईटेक शहर गौतमबुद्ध नगर में पिछले 24 घंटे के दौरान दो दहेज हत्या के मामले सामने आए हैं। जिले में दहेज हत्या के मामले एक बार फिर बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। ससुराल वाले चंद पैसों के चक्कर में लड़की को मौत के घाट उतार देते हैं। दोनों मामले ग्रेटर नोएडा वेस्ट के हैं और बिसरख थाना पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहला मामला
पुलिस ने बताया कि रमेश चंद निवासी अलीगढ़ ने शुक्रवार की रात को थाना बिसरख में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी बेटी प्रभा की शादी थाना बिसरख क्षेत्र के बृजवासी कॉलोनी में रहने वाले राजकुमार के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि उनकी बेटी के पति राजकुमार, ससुर राजवीर, जेठ राम, श्याम, ननद पूजा, बेबी, सास रामकली और सुमन आदि ने दहेज की मांग पूरा ना होने पर गला दबाकर हत्या कर दी। पीड़ित का आरोप है कि ये लोग शादी के समय से ही दहेज के लिए उसका उत्पीड़न कर रहे थे। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। 

दूसरा मामला
पुलिस ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र के निराला एस्टेट सोसाइटी में रहने वाली तृषा गंगवार (26 वर्ष) की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। उनके पिता शैतान सिंह गंगवार ने थाना बिसरख में उनके पति अभिनव राठौर, देवर अर्पित, सास अंजू और ससुर अश्वनी राठौर को नामित करते हुए दहेज हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करवाया है। उनका आरोप है कि शादी के समय से ही आरोपी उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी ना होने पर इन लोगों ने उनकी बेटी को जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

अन्य खबरें