जीरो प्वाइंट और सभी टोल प्लाजा पर दी जाएगी कोहरे की जानकारी

|



ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेस वे के जीरो प्वाइंट और सभी टोल प्लाजा पर कोहरे की जानकारी दी जाएगी। एक्सप्रेस वे के किनारे किसी भी वाहन को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। ताकि, कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे नहीं हो। हादसों को रोकने के लिए प्राधिकरण ने रणनीति तैयार की है। साथ ही कुछ और उपाय तलाशे जा रहे है।

कोहरा के कारण यमुना एक्सप्रेस वे पर दुघर्टनाएं होनी शुरू हो गई हैं। गुरुवार और शुक्रवार को अलग-अनग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिसके बाद मुख्य कार्यपालक अधिकारी डा. अरुणवीर सिंह ने अगले सप्ताह 11 नवंबर को एक बैठक बुलाई है। बैठक में जेपी ग्रुप, पुलिस, परिवहन और यातायात पुलिस अफसरों को बुलाया गया है। बैठक में कोहरे से होने वाले हादसों को रोकने की रणनीति तैयार की जाएगी। सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने बताया कि कोहरे में किन-किन कारणों से हादसे होते है। उन सभी को तलाश जा रहा है। एक सूची तैयार की जा रही है। बैठक में उन सभी कारणों को दूर करने की रणनीति तैयार होगी। एक्सप्रेस वे के किनारे वाहन खड़े रहते है, कोहरे के कारण वाहन दिख नहीं पाते और हादसा हो जाता है। एक्सप्रेस वे पर किसी भी वाहन को खड़ा होने नहीं दिया जाएगा। साथ ही कोहरे की जानकारी अनाउंसमेंट सिस्टम से दी जाएगी। आगरा व ग्रेटर नोएडा के जीरो प्वाइंट और सभी टोल प्लाजा पर सिस्टम की व्यवस्था होगी। इसके अलावा अन्य सभी कारणों को दूर किया जाएगा।

अन्य खबरें