गैंग रेप पीड़ित महिलाओं की मदद के लिए आगे आए सामाजिक संगठन

|



ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे भट्ठे पर सामूहिक दुष्कर्म से पीड़ित महिलाओं की मदद के लिए सामाजिक संगठन खड़े हो गए हैं। भारतीय किसान यूनियन, किसान मजदूर संगठन, राष्ट्रीय किसान यूनियन ने मिलकर रविवार को किशोरपुर गांव में बैठक की। बैठक में महिलाओं की आर्थिक और कानूनी मदद करने का निर्णय लिया गया है। पंचायत के बाद एक प्रतिनिधि मंडल महिलाओं से मिला और मदद दी।

किसान नेता ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने कहा, घटना से पीड़ित परिवार असहाय और गरीब हैं। बाहर का रहने वाला है। ये हमारा नैतिक दायित्व है कि एकजुट होकर समर्थन में आगे आएं। उन्हें न्याय मिलना चाहिए। आर्थिक मदद दी जाए। अगर दिए गए समय में डकैतों को नहीं पकड़ा गया तो एसएसपी का घेराव किया जाएगा। निर्णय लिया गया कि भारतीय किसान यूनियन, किसान मजदूर संगठन, राष्ट्रीय किसान यूनियन और दूसरे सामजिक संगठन गांव-गांव जाकर जनता को जानकारी देंगे। गैंगरेप पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पंचायत करेंगे। रविवार की पंचायत में चन्दरभान मलिक, आस मौहम्मद, जाकिर प्रधान, चौधरी अमरपाल सिंह, सलीमुद्दीन सोलंकी, सुरेशचंद शर्मा, मेघराज सिंह, नीरपाल सिंह, बिजेन्द्र प्रधान, ठाकुर तेजपाल सिंह शामिल हुए।

 

अभी पुलिस को नहीं मिला कोई सुराग

डकैतों की धरपकड़ के लिए लगाई गई पुलिस के टीमों के हाथ अभी खाली हैं। पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। एसपी देहात सुजाता सिंह ने बताया कि अभी ऐसा कुछ नहीं है, जिस पर संतोष जाहिर किया जा सके। अगले एक या दो दिनों में अपेक्षित परिणाम मिलने की संभावना है।

 

छह दिन बाद भाजपा को आई सुध

जिस भट्ठे पर डकैतों ने वारदात को अंजाम दिया है, वह भरतीय जनता पार्टी के जिला महासचिव धर्मेंद्र भाटी का है। वारदात के बाद से भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने आंदोलन खड़ा कर दिया है। जिससे संगठन के प्रति रोष बढ़ रहा है। अब भाजपा जिला इकाई सोमवार को भट्ठे पर बैठक करेगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि बैठक में आगे की कार्यवाही पर निर्णय लिया जाएगा।

अन्य खबरें