Anil Dujana Encounter : अनिल दुजाना की इस खूबसूरत लड़की से हुई थी शादी, बनाना चाहता था गौतमबुद्ध नगर की जिला पंचायत अध्यक्ष

Tricity Today | अनिल दुजाना और उसकी पत्नी पूजा



Greater Noida/Meerut News : गौतमबुद्ध नगर का निवासी और उत्तर प्रदेश का कुख्यात बदमाश अनिल दुजाना गुरुवार की दोपहर एनकाउंटर में मारा गया। अनिल दुजाना करीब 2 साल बाद जेल से छूटकर आया था। उसके बाद उसने पूजा से शादी रचाई थी। अनिल दुजाना ने बागपत की रहने वाली पूजा से शादी की थी। पूजा भी गुर्जर समाज से ताल्लुक रखती है। अनिल और पूजा की शादी पैतृक गांव दुजाना में हिन्दू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के बाद अनिल दुजाना अपनी पत्नी पूजा को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाना चाहता था, लेकिन गौतमबुद्ध नगर पुलिस के आगे अनिल दुजाना को हाथ पीछे हटाना पड़ा था।

बागपत के घिटोरा गांव की रहने वाली है पूजा
अनिल की पत्नी पूजा बागपत जिले के घिटोरा गांव की रहने वाली है। वह 21 साल की पढ़ी-लिखी लड़की है और युवती गुर्जर समाज से ताल्लुक रखती है। अनिल दुजाना और पूजा की सगाई पूर्व में हो चुकी थी, लेकिन सगाई के बाद अनिल जेल चला गया था। अनिल जैसे ही उत्तर प्रदेश की महाराजगंज जेल से रिहा हुआ। उसने पूजा से विवाह कर लिया था।



पूजा को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाना चाहता था अनिल 
पूजा से शादी करने के बाद अनिल दुजाना कुछ दिनों के लिए साइलेंट हो गया। फिर जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव आया तो उसने अपनी बीवी को टिकट दिलवा दिया। हालांकि, तत्कालीन पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने अनिल दुजाना के खिलाफ शिकंजा कसा और जयचंद प्रधान हत्याकांड में एक और मुकदमा दर्ज हो गया। जिसके बाद पूजा ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया था। जयचंद हत्याकांड में उसकी पत्नी संगीता ने बादलपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया था।

यूपी एसटीएफ पर अनिल ने फायरिंग की : अमिताभ यश
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (यूपी एसटीएफ) के चीफ और उत्तर प्रदेश पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक अमिताभ यश ने बताया, "अनिल नागर उर्फ अनिल दुजाना पश्चिमी उत्तर प्रदेश का बेहद खूंखार अपराधी था। उसका मुख्य धंधा रंगदारी वसूल करना और फिरौती लेकर हत्या करवाना था। लंबे अरसे से यूपी एसटीएफ उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान शुक्रवार को उससे जुड़ा इनपुट मिला। यूपी एसटीएफ ने मेरठ में उसकी घेराबंदी की। अनिल दुजाना और उसके साथियों ने यूपी एसटीएफ पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई की गई। जिसमें अनिल दुजाना को गोली लगी। यूपी एसटीएफ के जवान अनिल दुजाना को घायल अवस्था में लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। आगे की जानकारी जल्दी साझा की जाएगी।"

वेस्ट यूपी का खूंखार अपराधी था : प्रशांत कुमार
उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष महानिदेशक प्रशांत कुमार ने बताया, "अनिल का वास्तविक नाम अनिल नागर था। वह गौतमबुद्ध नगर जिले के बादलपुर थाना क्षेत्र में पड़ने वाले दुजाना गांव का रहने वाला था। इस वजह से लोग उसे अनिल दुजाना बोलते थे। वह पश्चिम उत्तर प्रदेश में आतंक का पर्याय बना हुआ था। उसके खिलाफ 50 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में उसने गौतमबुद्ध नगर में एक कारोबारी से रंगदारी मांगी थी और एक गवाह को जान से मारने की धमकी दी थी। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए। उत्तर प्रदेश पुलिस अनिल दुजाना को लगातार तलाश कर रही थी। इसी सिलसिले में शुक्रवार को अनिल दुजाना की घेराबंदी की गई। जिसमें अनिल दुजाना मारा गया है।

अन्य खबरें