UP International Trade Show : स्टार्टअप बना आकर्षण का केंद्र, रक्षा और गेमिंग में क्रांति लाने के लिए जीएल बजाज कॉलेज की पहल

Tricity Today | जीएल बजाज कॉलेज की पहल



Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में आयोजित "यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो" में जीएल बजाज इनक्यूबेटेड स्टार्टअप "यूथ बज्ज" का अनूठा आविष्कार लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टार्टअप ने एक उन्नत तकनीक "फ्री रोअम एक्सआर वारफेयर सिम्युलेटर" विकसित किया है, जो न केवल भारत को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। बल्कि भारतीय रक्षा और गेमिंग क्षेत्र में भी एक नई क्रांति की शुरुआत कर रहा है। इस नवाचार की सेना के जवानों और उत्तर प्रदेश स्टार्टअप्स के अधिकारियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है।

सैनिकों के लिए एक क्रांतिकारी तकनीक
"फ्री रोअम एक्सआर वारफेयर सिम्युलेटर" का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह भारतीय सैनिकों को युद्ध से पहले वास्तविक परिस्थितियों में दुश्मन के ठिकानों पर हमला करने का प्रशिक्षण प्रदान करता है। इस सिम्युलेटर में दुश्मन के ठिकानों का 3D 1:1 स्केल पर यथार्थवादी मॉडल तैयार किया गया है। जहां सैनिक सर्जिकल स्ट्राइक या बंधक मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण अभियानों की बारीकी से योजना बना सकते हैं। यह तकनीक उन्हें 26/11 जैसे ऑपरेशन्स के लिए अभ्यास और बेहतर तैयारी में मदद करती है। जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित और सटीक निर्णय ले सकते हैं।

AI बॉट्स से मुकाबला, नई रणनीतियों का प्रशिक्षण
सिम्युलेटर का एक और विशेष पहलू यह है कि इसमें सैनिकों को AI बॉट्स के साथ युद्ध की नई रणनीतियों का सामना करने का मौका मिलता है। इससे सैनिकों को हर संभावित दुश्मन रणनीति का मुकाबला करने की बेहतर ट्रेनिंग मिलती है, जो वास्तविक समय के युद्ध परिदृश्यों में अत्यधिक लाभकारी साबित हो सकती है। यह नवाचार भारतीय रक्षा तंत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान के रूप में देखा जा रहा है। इससे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।

गेमिंग इंडस्ट्री में भी क्रांति
सिर्फ रक्षा क्षेत्र में ही नहीं यह सिम्युलेटर गेमिंग इंडस्ट्री में भी बड़ी भूमिका निभा रहा है। इसे आर्केड्स में उपयोग किया जा रहा है, जो भारत को गेमिंग तकनीक में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। "युथ बज्ज" का यह नवाचार भारतीय गेमिंग इंडस्ट्री को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बना सकता है, जिससे देश में गेमिंग से संबंधित व्यवसायों और नौकरियों में भी वृद्धि की संभावना है।

आत्मनिर्भरता की ओर एक नई लहर
यूथ बज्ज द्वारा विकसित इस अत्याधुनिक सिम्युलेटर ने देश के रक्षा और गेमिंग सेक्टर में नवाचार की एक नई लहर को जन्म दिया है। भारतीय सेना के जवानों ने इस पहल की जमकर सराहना की, और इसे भविष्य में देश की रक्षा शक्ति को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश स्टार्टअप्स के अधिकारी भी इस अनूठी पहल को आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने का एक बड़ा उदाहरण मान रहे हैं।

अन्य खबरें