BIG BREAKING : जेवर विधायक ठाकुर धीरेन्द्र सिंह दुर्घटना में गम्भीर घायल, अस्पताल में भर्ती

Tricity Today | विधायक ठाकुर धीरेन्द्र सिंह



Greater Noida | गौतमबुद्ध नगर में जेवर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुर धीरेन्द्र सिंह दुर्घटना का शिकार हो गए। उन्हें गम्भीर चोट आई हैं। परिजनों और सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती करवाया है। डॉक्टरों ने बताया कि धीरेन्द्र सिंह को कई गम्भीर चोट आई हैं, लेकिन उनकी हालत सामान्य है।

साइकलिंग करते वक्त हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक धीरेंद्र सिंह शनिवार की देर शाम रबूपुरा स्थित अपने घर से नियमित रूटीन के तहत साइकलिंग करने निकले थे। जब वह किशोरपुर गांव के पास पहुंचे तो तेज बारिश होने लगी। इसी दौरान सड़क पर पानी भर गया। जलभराव के कारण वह सड़क में गड्ढा नहीं देख पाए। साइकिल का संतुलन बिगड़ा और धीरेंद्र सिंह सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में उनके बाएं हाथ की कोहनी टूट गई है। यह हादसा देर शाम करीब 7:30 बजे हुआ। साथ में चल रहे सहायक और सुरक्षाकर्मी ने धीरेंद्र सिंह को तत्काल उठाया और कार से यथार्थ अस्पताल लेकर पहुंचे।

कल होगा कोहनी का ऑपरेशन
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक धीरेंद्र सिंह की कोहनी का ऑपरेशन रविवार की दोपहर किया जाएगा। कोहनी में गम्भीर चोट लगी हैं। विधायक के सहायक ने बताया कि अचानक तेज बारिश होने लगी। शाम का वक्त और बारिश के कारण विजिबिलिटी बहुत कम हो गई थी। सड़क पर पानी भर गया था। जिसके कारण धीरेन्द्र सिंह गड्ढा नहीं देख पाए। आपको बता दें कि धीरेन्द्र सिंह नियमित रूप से साइकलिंग करते हैं।

अन्य खबरें