ग्रेटर नोएडा : मदरसन कंपनी की तेज़ रफ़्तार बस पलटी, एक महिला कर्मचारी की मौत

Tricity Today | घटनास्थल पर पुलिस मौजूद



Greater Noida : कोतवाली सूरजपुर क्षेत्र के तिलपता गोलचक्कर पर शनिवार सुबह मदरसन कंपनी की महिला कर्मचारियों को कंपनी लेकर जा रही तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गयी। हादसे में बस में सवार 4 महिलाएं घायल हो गईं जबकि एक 20 वर्षीय युवती की मौत हो गयी। बस में कंपनी की करीब 30 महिला कर्मचारी सवार थीं। बस महिला कर्मचारियों को हापुड़ के धौलाना से नोएडा लेकर आ रही थी।

जानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा की कोतवाली सूरजपुर क्षेत्र के तिलपता गोलचक्कर पर शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना के समय बस चालक मदरसन कंपनी की महिला कर्मचारियों को धौलाना से लेकर नोएडा के सेक्टर-84 जा रहा था। बस में सवार महिलाओं ने बताया कि बस चालक उन लोगों को शनिवार सुबह 4:30 बजे धौलाना से लेकर चला था। चालक तेज़ रफ़्तार में बस चला रहा था। तिलपता गोलचक्कर के पास उसे नींद की झपकी आ गई जिसके चलते तेज रफ्तार बस डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई।

घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह दुर्घटनाग्रस्त बस में फसी महिलाओं को बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। एसीपी-3 पीपी सिंह ने बताया कि दुर्घटना में बस में सवार 4 महिलाएं घायल हो गई थीं। दुर्घटना में धौलाना निवासी टीना शर्मा (20 वर्ष) के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गयी है। घायल महिला कर्मचारी ममता, काजल, पूनम और ऋतु को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बस से अन्य महिला कर्मचारियों के साथ उनके घर रवाना कर दिया गया। एसीपी ने बताया कि बस चालक मौके से फरार हो गया है जिसकी तलाश की जा रही है।

अन्य खबरें