आज की सबसे बड़ी खबर : नोएडा एयरपोर्ट के पास 90 दिनों में एक लाख लोगों को मिलेगी नौकरी, जानिए कैसे

Tricity Today | Symbolic Photo



Greater Noida News : यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक विकास की रफ्तार बढ़ने वाली है। क्योंकि इस वर्ष दिसंबर तक 80 से अधिक नई फैक्ट्रियों के संचालन की तैयारी हो चुकी है। इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 17 अप्रैल 2025 से व्यावसायिक विमानों की उड़ानें शुरू हो जाएंगी, जिससे उद्यमियों को अपने उत्पादों का तेजी से निर्यात करने की सुविधा मिलेगी।

इन सेक्टरों में बसेंगी कंपनियां
यमुना प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-29, 30, 32 और 33 को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में तेजी से विकसित किया जा रहा है। वर्तमान में सेक्टर-29 और 32 में सात कंपनियां पहले से ही संचालित हो रही हैं। पूरे शहर में कुल 12 कंपनियां अपना उत्पादन शुरू कर चुकी हैं। प्राधिकरण ने 264 औद्योगिक इकाइयों को निर्माण की अनुमति दे दी है।

एक लाख लोगों को मिलेगी नौकरी
दिसंबर 2024 तक 80 नई औद्योगिक इकाइयों के संचालन के साथ क्षेत्र में लगभग एक लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। यह कदम यमुना सिटी के आर्थिक और सामाजिक ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। क्षेत्र में रोजगार के साधन विकसित करने से बसावट बढ़ेगी और हरियाली का भी विस्तार होगा। जिससे शहर की समग्रता में सुधार होगा।

शहर के औद्योगिक विकास में नई गति
प्राधिकरण की यह पहल न केवल आर्थिक विकास को बढ़ावा देगी बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू होने वाली उड़ानों के चलते कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने उत्पादों का निर्यात करना आसान होगा। यह कदम यमुना सिटी को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरने में सहायक होगा। जिससे क्षेत्र के आर्थिक परिदृश्य में व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे।

अन्य खबरें