Budget 2023 : गौतमबुद्ध नगर की परियोजनाओं को मिलेगा दोहरा फायदा, बोड़ाकी मेट्रो से लेकर बुलेट ट्रेन तक को मिलेगी रफ्तार

Tricity Today | बजट 2023 में गौतमबुद्ध नगर की परियोजनाओं को मिलेगा दोहरा फायदा



Greater Noida News : भारतीय रेलवे और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर में बढ़े बजट का फायदा ग्रेटर नोएडा की परियोजनाओं को भी मिलेगा। गौतमबुद्ध नगर में बुलेट ट्रेन, एयरपोर्ट मेट्रो, बोड़ाकी मेट्रो, पॉड टैक्सी जैसी परियोजनाएं और गति पकड़ेंगी। ये सभी परियोजनाएं अभी प्राथमिक स्तर पर हैं। किसी की डीपीआर बन गई तो कोई परियोजना टेंडर प्रक्रिया के करीब पहुंच गई है। बजट मिलते ही ये परियोनाएं मूर्त रूप लेने लगेंगी।

बोड़ाकी मेट्रो रूट को भी मिलेगा फायदा
ग्रेटर नोएडा में बोड़ाकी तक मेट्रो रूट की डीपीआर बन गई है। यह डीपीआर शासन के जरिए भारत सरकार को भेजी गई है। डीपीआर के मुताबिक डिपो से बोड़ाकी तक मेट्रो रूट की लंबाई करीब 2.6 किलोमीटर होगी। इसे बनाने में करीब 416 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह रूट भी एलिवेटेड होगा। शुरुआत में चार कोच वाली मेट्रो चलाई जाएगी। बाद में जरूरत के हिसाब से इसे बढ़ाया जा सकता है।

पॉड टैक्सी को भी मिलेगी गति
यमुना प्राधिकरण प्रस्तावित फिल्म सिटी से लेकर जेवर एयरपोर्ट के बीच पॉड टैक्सी चलाएगा। पॉड टैक्सी पीपीपी मॉडल पर चलेगी। इसकी डीपीआर इंडियन पोर्ट रेल एंड रोपवे कारपोरेशन लिमिटेड ने बनाई है। फिल्म सिटी और एयरपोर्ट के अलावा यमुना प्राधिकरण के औद्योगिक क्षेत्र भी पॉड टैक्सी से जुड़ेंगे। इसमें 12 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस कॉरिडोर की लंबाई 14.6 किलोमीटर होगी। इसके निर्माण में 641.53 करोड़ रुपये खर्च होंगे। डीपीआर शासन के पास है। कुछ सुझाव दिए हैं। उन सुझावों के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

बुलेट ट्रेन भी आएगी गौतमबुद्ध नगर
बुलेट ट्रेन का दिल्ली-वाराणसी कारिडोर गौतमबुद्ध नगर जनपद से होकर गुजरेगा। इसके लिए जिले में 160.81 हेक्टेयर भूमि की जरूरत होगी। करीब 60.19 हेक्टेयर जमीन किसानों से ली जाएगी और बाकी जमीन सरकारी उपलब्ध है। जिला प्रशासन इस पर अपनी तैयारी कर चुका है। बुलेट ट्रेन का एक स्टेशन नोएडा और दूसरा स्टेशन जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगा। 

अन्य खबरें