यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बसेगा ट्रांसपोर्ट नगर : पांच जुलाई को लैंड एलॉटमेंट स्कीम आएगी, पढ़िए पूरी और जरूरी जानकारी

Tricity Today | Symbolic Image



Greater Noida News : यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) ने बड़ा फ़ैसला लिया है। यमुना सिटी में ट्रांसपोर्ट नगर बसाया जाएगा। जिससे शहर की यातायात सुविधाओं और ज़रूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। इसके लिए 5 जुलाई को भूखंड आवंटन योजना घोषित होगी। जिसमें 6 श्रेणियों के भूखंड आवंटित किए जाएंगे। छोटे, मध्यम और बड़े ट्रांसपोर्टर इस भूखंड आवंटन योजना के माध्यम से जमीन खरीद सकते हैं। बुधवार को यह जानकारी यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुणवीर सिंह (Dr Arunvir Singh IAS) ने दी है।

छह श्रेणियों में होगा भूखंड आवंटन
डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर यमुना सिटी के सेक्टर-33 में बसाया जाएगा। इसमें 147 भूखंडों का आवंटन किया जाना है। सबसे छोटे भूखंड का आकार 120 वर्ग मीटर का होगा। इनकी संख्या 36 रखी गई है। दूसरी कैटिगरी के भूखंडों का क्षेत्रफल 512 वर्ग मीटर का होगा और इनकी संख्या केवल 27 है। इसके बाद 640 वर्ग मीटर के 56 भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। अरुणवीर सिंह ने आगे बताया कि 820 वर्ग मीटर के 24 भूखंड आवंटित किए जाएंगे। सबसे बड़े भूखंडों का आकार 1200 वर्ग मीटर होगा। इनकी संख्या केवल 4 है।

दो बड़ी पार्किंग बनाएगा प्राधिकरण
पांच जुलाई को यह भूखंड आवंटन योजना घोषित कर दी जाएगी। ट्रांसपोर्ट नगर में दो पार्किंग बनाई जाएंगी। एक पार्किंग 41,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनाई जाएगी। यह ट्रक खड़े करने के लिए होगी। एक मल्टीलेवल कार पार्किंग बनाई जाएगी। जिसमें 500 वाहन खड़े करने की सुविधा होगी। ट्रांसपोर्ट नगर में होटल, बैंक, रेस्ट्रोबार, कार और दूसरे वाहनों के शोरूम, स्टोरेज, गोदाम, सर्विस सेंटर व गैराज विकसित किए जाएंगे।

यमुना सिटी का तेजी से विकास होगा
डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने कहा कि यमुना सिटी में आधारभूत सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। जुलाई के महीने में एक साथ 13 श्रेणी में भूखंड आवंटन योजनाएं घोषित की जा रही हैं। इनमें ग्रुप हाउसिंग, आवासीय भूखंड, नर्सिंग होम, अस्पताल, चाइल्ड केयर, हॉस्पिटल, क्रेच, वृद्धाश्रम, शिक्षण संस्थान, फ्यूल सेंटर, पेट्रोल पम्प, कॉर्पोरेट ऑफ़िस, फै़क्टरी और कंपनियां बनाने के लिए भूखंडों का आवंटन किया जाएगा।

क्या होता है ट्रांसपोर्ट नगर और फायदे
ट्रांसपोर्ट नगर कई भारतीय शहरों में एक विशेष क्षेत्र है, जिसे परिवहन से संबंधित गतिविधियों को केंद्रीकृत और व्यवस्थित करने के लिए डिजाइन किया गया है। ट्रांसपोर्ट नगरों में तमाम सुविधाएं मिलती हैं। इनसे शहरों को फायदा होता है।
  1. 1. शहर के भीतर यातायात की भीड़ को कम करना और माल की आवाजाही को सुव्यवस्थित करना।
  2. 2. आमतौर पर राजमार्गों तक आसान पहुंच के लिए शहर के बाहरी इलाके या परिधि में स्थित होते है।
  3. 3. इनमें ट्रक टर्मिनल, गोदाम और भंडारण सुविधा, मरम्मत और रखरखाव की दुकानें, वाणिज्यिक वाहनों के लिए पार्किंग स्थल, ड्राइवरों के लिए ठहरने की जगह, प्रशासनिक कार्यालय बनाए जाते हैं।
  4. 4. ट्रांसपोर्ट नगर शहर के केंद्रों में भारी वाहनों की आवाजाही को कम करते हैं। शहरी वायु गुणवत्ता में सुधार करते हैं। रसद संचालन को केंद्रीकृत करते हैं। इनसे सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलता है।
  5. 5. ट्रांसपोर्ट नगर परिवहन क्षेत्र में नौकरियां पैदा करता है और स्थानीय व्यवसायों का समर्थन करता है।

अन्य खबरें