Greater Noida : यमुना प्राधिकरण में भूखंड दिलाने के नाम पर ठगी के दो आरोपी दबोचे

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



Greater Noida News : दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने यमुना प्राधिकरण (यीडा) के भूखंड दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कोसी कलां मथुरा निवासी जगवीर सिंह और सतेंद्र के रूप में हुई है। आरोप है कि जगवीर ने लोगों से करीब आठ करोड़ रुपये ठगे हैं। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से फर्जी आवंटन पत्र भी जब्त किए हैं, जो ठगी के लिए इस्तेमाल किए गए थे।

शिकायत के बाद शुरू हुई थी जांच 
पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के अनुसार, शिकायतकर्ताओं सचिन वी शाह, नीलेश वी शाह और रमनदीप रहेजा की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ताओं ने जगवीर के कहने पर यमुना एक्सप्रेसवे डेवलपर्स के खाते में 3,70,20,000 रुपये स्थानांतरित किए थे। जांच के दौरान खाता वर्षा शर्मा के नाम पर पाया गया ।जबकि फोन नंबर और ईमेल आईडी जगवीर के नाम पर पंजीकृत थे।

जांच में पाए गए सभी कागजात फर्जी 
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को दस्तावेज की प्रतियां और आवंटन पत्रों की जानकारी दी। जब इन आवंटन पत्रों को प्राधिकरण से सत्यापित करवाया गया, तो सभी कागजात फर्जी पाए गए। पत्र में दिए गए भूखंडों का विवरण मूल आवंटियों के नाम पर पंजीकृत था। इसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी में शामिल बैंक खातों का विवरण एकत्र किया और लेनदेन का पता लगाया, जिससे ठगी की परतें खुलने लगीं।

गिरफ्तारी की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी जगवीर की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम बनाई थी। पुलिस टीम ने एक सूचना के आधार पर मैगसन रिसॉर्ट, कोसी कलां में दबिश देकर जगवीर को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि सतेंद्र उसकी सहायता से फर्जी दस्तावेज तैयार करता है। इसके बाद सतेंद्र को भी गिरफ्तार किया गया और उसके पास से जाली आवंटन पत्र तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया गया लैपटॉप भी बरामद किया गया।

अन्य खबरें