ग्रेटर नोएडा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्यक्रम : बच्चों के विकास पर डिजिटलीकरण और मोबाइल के प्रभाव पर की गई चर्चा

ट्राई सिटी | नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करते हुए



Greater Noida News : आजकल की भागदौड़ में छोटी उमर के बच्चे अपने विद्यार्थी काल से ही डिजिटल उपकरणों और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने लगे हैं। इसी संदर्भ में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भरत शाखा और वसुधैव विज्ञान संस्थान मेरठ ने एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया। यह कार्यक्रम ग्रेटर नोएडा के डी-232 श्याम जी छात्रावास में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के समग्र विकास पर डिजिटलीकरण एवं मोबाइल प्रौद्योगिकी का प्रभाव विषय पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन चंचल ने किया। उन्होने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया और विषय के महत्व पर प्रकाश डाला।

मोबाइल के अधिक प्रयोग से बच्चों पर पड़ रहा नकारात्मक प्रभाव
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि गौतमबुद्धनगर जिले की राष्ट्रीय स्वयंसेविका समिति संपर्क प्रमुख ऋतु ने उपस्थित सभी स्वयंसेवकों की सराहना की। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता स्वामी दयानंद अस्पताल दिल्ली की बाल रोग विभाग की प्रमुख वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक  डॉ. दीपिका जैन ने बताया कि बच्चे मोबाइल उपकरणों में अधिक समय बिता रहे हैं। जिससे उनके मानसिक और सामाजिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि वे अपने बच्चों के साथ समय बिताएं, ताकि उनकी दिनचर्या का ध्यान रखा जा सके।

अभिभावकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण
डॉ. दीपिका ने कहा कि अभिभावकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि बच्चों को सही और गलत की पहचान कराना उनकी जिम्मेदारी है। मुख्य अतिथि ऋतु ने भी इस बात पर जोर दिया कि हमारे बच्चे ही हमारे समाज और देश का भविष्य हैं। इसलिए उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन करना आवश्यक है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उच्च पदाधिकारी राजकुमार और संजीव भी उपस्थित रहे। उन्होंने व्याख्यान के महत्व को स्वीकार किया और इसे समय की आवश्यकता बताया।

नुक्कड़ नाटक का किया गया आयोजन
व्याख्यान के बाद सेक्टर में बाल मुरलीधर शाखा के स्वयंसेवकों ने भगवान श्री कृष्ण जी की स्तुति की। इसके बाद उन्होंने इसी विषय पर एक छोटे से नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति भी दी। जिसने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया। इस नाटक के माध्यम से बच्चों को डिजिटल उपकरणों के सही उपयोग और उनकी सीमाओं के बारे में संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम ने एक सकारात्मक दिशा में कदम बढ़ाते हुए बच्चों के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित किया। जिससे उन्हें स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा मिले।

यह लोग रहे मौजूद
विज्ञान भारती मेरठ प्रांत के प्रचार प्रमुख डॉक्टर पल्लव ने बताया की इस विशेष व्याख्यान को कराने में जिला संयोजक, ग्राम विकास विपिन, भरत शाखा के स्वयंसेवक संजय, सुनील, महेश, ब्रह्म प्रकाश, उधम, वेद मित्र एवं लालजी का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। 

अन्य खबरें