ग्रेटर नोएडा : एक मंच पर आए धीरेन्द्र सिंह और हरीश सिंह, बोले- हम एक हैं, अब इससे आगे की बात कीजिए

Tricity Today | अखिल भारतीय राजपूत उत्थान परिषद का सम्मान समारोह



अखिल भारतीय राजपूत उत्थान परिषद ने रविवार को ग्रेटर नोएडा के वाईएमसीए क्लब में सम्मान समारोह का आयोजित किया। जिसमें मुख्य अतिथि जेवर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह थे। यह सम्मान समारोह उनके भतीजे और भारतीय जनता पार्टी पश्चिम क्षेत्र के महामंत्री हरीश ठाकुर की नवनियुक्ति के लिए किया गया था। इस दौरान परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया। विधायक और क्षेत्रीय महामंत्री ने सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों का भी अभिनंदन किया। 



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा, "भगवान राम भारतीय संस्कृति का प्रतीक हैं। भारतीय समाज सदैव समरसता के साथ आगे बढ़ने वाला रहा है। भगवान राम ने व्यक्तिगत, सामाजिक और राष्ट्रीयता के आधार पर उत्कृष्ट चरित्र का प्रदर्शन किया है। राम जनता और जनादेश को सर्वोपरि मानते थे। यही वजह थी कि उन्होंने व्यक्तिगत और पारिवारिक हितों को दरकिनार कर सामाजिक हितों को महत्ता दी। भगवान राम जाति, वर्ग और तमाम दूसरे भेदभाव से ऊपर उठकर कार्य करने वाले प्रेरणा स्रोत हैं। वह केवट मल्लाह, भीलनी सबरी, आदिवासी और वानरों को उतना ही सम्मान देते नजर आते हैं, जितना अपने भाई और परिवार के सदस्यों को देते हैं।"

भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय महामंत्री हरीश सिंह ने कहा, "अक्सर कहा जाता है हम एक हैं। हमें एकता के साथ रहना चाहिए। यह बेहद नकारात्मक वाक्य हैं। मुझे लगता है कि इन वाक्यों का उपयोग करने से कहीं ना कहीं यह संदेश जाता है कि हम लोग एक नहीं हैं और दुराव है। जब यह स्पष्ट है कि हम लोग एक हैं तो हमें इससे आगे के बारे में बात करनी चाहिए।" हरीश सिंह ने आगे कहा, "समाज को भगवान श्रीराम से प्रेरणा लेकर सांस्कृतिक सामंजस्य स्थापित करना चाहिए। भगवान राम भारतीय संस्कृति के प्रतीक हैं।"

अन्य खबरें