ख़ैरमकदम : ग्रेटर नोएडा के लाल प्रवीण का भव्य स्वागत, पैरा ओलंपिक में जीता सिल्वर मेडल

Tricity Today | ग्रेटर नोएडा के लाल प्रवीण का भव्य स्वागत



Greater Noida News : टोक्यो पैरा ओलंपिक (Tokyo Paralympics) में रजत पदक जीतने वाले ग्रेटर नोएडा के निवासी प्रवीण कुमार शुक्रवार को अपने गांव आए। प्रवीण कुमार और उनके कोच सतपाल सिंह का नोएडा में डीएनडी, ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट और जेवर टोल प्लाजा पर भव्य स्वागत किया गया है। प्रवीण के गांव गोविंदगढ़ में स्वागत समारोह हुआ। जिसमें गौतमबुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त आलोक कुमार सिंह और जेवर के विधायक ठाकुर धीरेन्द्र सिंह शामिल हुए।



प्रवीण कुमार से युवकों को प्रेरणा लेनी चाहिए : पुलिस कमिश्नर
गोविंदगढ़ गांव में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल लोगों को सम्बोधित करते हुए पुलिस आयुक्त आलोक कुमार सिंह ने कहा, "प्रवीण कुमार की सफलता हमारे ग्रामीण परिवेश की सफलता है। इनसे हमारे युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। प्रवीण कुमार जैसे युवा नई पीढ़ी के लिए रोल मॉडल हैं। पूरे गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश और देश का सम्मान दुनिया में बढ़ाया है।"टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने के बाद शुक्रवार को अपने गृह जनपद में आगमन पर पैरा ओलंपियन का जोरदार स्वागत हुआ।



नोएडा डीएनडी, ग्रेटर नोएडा और जेवर टोल प्लाजा पर भव्य स्वागत
नोएडा स्थित डीएनडी पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के प्रतिनिधि राकेश राघव के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने प्रवीण कुमार और उनके कोच सतपाल सिंह का जोरदार स्वागत किया। उसके बाद ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर जेवर विधानसभा क्षेत्र के निवासियों ने प्रवीण कुमार का जबरदस्त स्वागत किया। जेवर टोल प्लाजा पर भी प्रवीण कुमार का सुशील शर्मा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने स्वागत किया।



प्रवीण ने जेवर का नाम प्रदेश, देश और दुनिया में रोशन किया है : धीरेन्द्र सिंह

विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा, "कम संसाधन और आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के बावजूद प्रवीण कुमार दिल्ली से टोक्यो पहुंचे। रजत पदक विजेता बनकर जेवर क्षेत्र का नाम देश और प्रदेश में रोशन किया है।" प्रवीण कुमार के गांव में एक सभा का आयोजन किया गया। जहां धीरेंद्र सिंह काफी समय पहले पहुंच गए थे। हजारों लोगों ने धीरेंद्र सिंह के साथ देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले अपने लाडले प्रवीण कुमार का जोरदार स्वागत किया। उनके गुरु सतपाल सिंह का भी ग्राम और क्षेत्रवासियों ने शॉल-पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। कोच सतपाल सिंह के साथ उनकी पत्नी अंजू भी मौजूद थीं। विधायक धीरेंद्र सिंह ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा, "इस टोक्यो पैरा ओलंपिक से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। जिससे युवा खिलाड़ी और अधिक मेहनत करके देश के लिए पदक जीतने का काम करेंगे।"



प्रवीण ने ओलंपिक के जरिए पूरे विश्व में जेवर को पहचान दी : डॉ.महेश शर्मा
गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा ने कहा, "टोक्यो पैरा ओलंपिक में जेवर के बेटे प्रवीण कुमार ने मेडल जीतकर विश्वभर में देश का नाम रोशन किया है। उनके माता-पिता और गुरु सतपाल जी को बधाई देता हूं। मेरी कर्मभूमि की माटी जेवर के गांव गोविंदगढ़ के लाल प्रवीण ने आज हम सबका माथा ऊँचा कर दिया है। इस बेटे ने पूरे विश्व में हमारा नाम ऊँचा किया है। ये हम सबके लिए गर्व और गौरव की बात है। प्रवीण ने टोक्यो पैरा ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर जेवर की पहचान पूरे विश्व में बना दी है। अब जेवर हवाईअड्डा यहाँ का भविष्य बदल देगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भारतीय जनता पार्टी गौतमबुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष विजय भाटी, जेवर के मंडल अध्यक्ष अशोक शर्मा, रबूपुरा मंडल के अध्यक्ष उदय वीर सिंह, जेवर ब्लॉक की प्रमुख मुन्नी देवी पहाड़िया और सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

अन्य खबरें