हापुड़ पहुंची श्रद्धालुओं की भीड़ : ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर लगाई डुबकी, हर-हर गंगे के जयघोष से गूंजा घाट 

हापुड़ | 3 महीना पहले | Shahrukh Khan

Google Image | गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भीड़



Hapur News : गंगा के पृथ्वी पर आगमन के दिवस (ज्येष्ठ गंगा दशहरा) पर लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर छोटे बच्चों का मुंडन भी कराया और गंगा पूजन भी किया गया। इस दौरान हर-हर गंगे के जयघोष से घाट गूंजते रहे। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए हैं और अधिकारी समय-समय पर घाटों का निरीक्षण भी कर रहे है।

कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
दरअसल, सभी दस लक्षणों से युक्त गंगा दशहरे का पर्व धूमधाम से मनाया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन मां गंगा भगवान शिव की जटाओं से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। करीब सुबह 4 बजे ब्रह्म मुहूर्त में ही श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर पहुंचकर स्नान प्रारंभ कर दिया। गंगा भक्तों की भीड़ ब्रजघाट के गंगा घाट पर पहुंचती रही और मां गंगा के जयघोष के बीच आस्था की डुबकी का क्रम चलता रहा। गंगा दशहरा पर्व पर ब्रजघाट, पुष्पावती पूठ और लठीरा के तटों पर श्रद्धालुओं की जमघट लगा रहा। स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं में हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली प्रांतों समेत मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अमरोहा, मुरादाबाद समेत आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं की संख्या सर्वाधिक रही। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने दीपदान भी किया।

सीसीटीवी कैमरे से हो रही निगरानी 
ज्येष्ठ गंगा गंगा दशहरा पर्व पर स्नान के लिए उमड़ी भीड़ से बाजार में भी रौनक बढ़ गई। बच्चों के खिलौने, महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधन के सामान, चाट-पकौड़ों की दुकानों समेत अन्य दुकानों पर भारी भीड़ दिखाई दी। गंगा स्नान को लेकर पुलिस प्रशासन पिछले कई दिनों से सुरक्षा व्यवस्था के लिए कड़ी मेहनत कर रहा था। एसपी अभिषेक वर्मा, एएसपी अधीक्षक राजकुमार अग्रवाल ने घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। क्षेत्र की ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की जा रही है।

अन्य खबरें