उपलब्धि: जस्टिस एनवी रमन देश के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे, 24 अप्रैल को शपथ लेंगे

देश | 3 साल पहले | Vageshwer Tripathi

Google Image | जस्टिस एनवी रमन देश के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे



उच्चतम न्यायालय के अगले मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमन होंगे। राष्ट्रपति माननीय रामनाथ कोविंद ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। देश के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शरद अरविंद बोबड़े 23 अप्रैल 2021 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। 24 अप्रैल को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जस्टिस एनवी रमन को मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलायेंगे। जस्टिस नूतलपाटि वेंकटरमण देश के 48वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।

अगले साल अगस्त तक पद पर रहेंगे
देश के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त होने के बाद जस्टिस एनवी रमन का सुप्रीम कोर्ट में कार्यकाल 26 अगस्त 2022 तक होगा। इस तरह वे लगभग एक वर्ष चार महीने तक पद पर रहेंगे। वो सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के बाद वरिष्ठता क्रम में दूसरे स्थान पर हैं। वो आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के पहले ऐसे जज होंगे, जो कि देश के मुख्य न्यायाधीश बनेंगे। 

35 वर्ष का अनुभव है
जस्टिस एनवी रमन 24 अप्रैल को शपथ ग्रहण करेंगे और 26 अगस्त 2022 तक देश के मुख्य न्यायाधीश रहेंगे। यहां आपको बता दें कि जस्टिस एनवी रमन 35 वर्ष से ज्यादा का न्यायिक अनुभव रखने वाले और संवैधानिक मामलों के जानकार माने जाते हैं। उन्हें संवैधानिक, आपराधिक और इंटर-स्टेट नदी जल बंटवारे के कानून का खास जानकार माना जाता है।

आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं
उन्होंने 10 फरवरी 1983 से आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में न्यायिक कार्य की शुरूआत की। 27 जून 2000 को आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किये गये। आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर भी काम किया। 2 सितंबर 2013 में उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया। बाद में वे 17 फरवरी 2014 को सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली। जस्टिस एनवी रमन सुप्रीम कोर्ट के कई अहम फैसले की सुनवाई करने वाली संवैधानिक पीठ का हिस्सा रहे हैं।

अन्य खबरें