GOOD NEWS: शारदा हॉस्पिटल से एकसाथ 15 कोरोना मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हुए, जानिए क्यों है बड़ी उपलब्धि

Tricity Today | शारदा हॉस्पिटल ग्रेटर नोएडा



ग्रेटर नोएडा के शारदा हॉस्पिटल ने कोरोना पॉजिटिव मरीजों को स्वस्थ करने में नया मुकाम हासिल किया है। रविवार को शारदा अस्पताल से एकसाथ 15 कोरोना पॉजिटिव मरीजों को स्वस्थ करके डिस्चार्ज किया गया है। साथ ही दो सस्पेक्ट मरीजों को भी अस्पताल से छुट्टी दी गई है। इन सभी की शनिवार की रात रिपोर्ट नेगेटिव आई थीं।

शारदा यूनिवर्सिटी के जॉइंट रजिस्ट्रार अजित सिंह ने कहा, "अब तक किसी भी अस्पताल से एक बार में इतने मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज होने का या पहला मौका है। उत्तर प्रदेश शासन के नामित अधिकारी डॉ देवेंद्र वार्ष्णेय, डीजीएमई के अधिकारी डॉ ज्ञानेंद्र कुमार, जिला प्रशासन के नोडल अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, शारदा विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर वाईके गुप्ता और शारदा हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ आशुतोष निरंजन ने सभी लोगों को डिस्चार्ज पत्र सौंपा है।"

अजित सिंह के कहा, "शारदा हॉस्पिटल से अब तक 49 पॉजिटिव मरीजों को स्वस्थ करके डिस्चार्ज किया गया है। वहीं, अभी अस्पताल में 56 मरीजों का इलाज चल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि ये सभी मरीज जल्द ही स्वस्थ होकर अपने घर चले जाएंगे।" अजित सिंह ने बताया कि रविवार डिस्चार्ज किए गए मरीजों में 6 बच्चे शामिल हैं। सीआरपीएफ के जवान सत्यवीर भी शामिल हैं। डिस्चार्ज पत्र लेने के बाद उनके चेहरों की खुशी देखने लायक थी। इस लोगों की सेवा में लगे डॉक्टर, नर्स और अन्य सदस्यों ने पुष्प वर्षा करके सभी को हॉस्पिटल से विदाई दी।

शारदा हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ आशुतोष निरंजन ने कहा, "हम लोग मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वचनबद्ध हैं। हम लोग जिले के नोडल अधिकारी ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेन्द्र भूषण, जिलाधिकारी सुभाष एलवाई के निर्देशन में हमारे डॉक्टर, नर्स और अन्य सदस्य जी जान से काम कर रहे हैं। देश में आई इस महामारी से निपटने के लिए अपने तन मन से उपलब्ध हैं।"

अन्य खबरें