गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस संक्रमण के 98 नए मामले दर्ज किए गए, देश के हालात भी देखिए

नोएडा | 3 साल पहले | Harish Rai

Tricity Today | COVID-19 Update Gautam Buddh Nagar



गौतमबुद्ध नगर जिले में गुरुवार को कोविड-19 संक्रमण के 98 नए मामले सामने आए हैं। अब संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 23,838 हो गई है। जिला निगरानी अधिकारी डॉक्टर सुनील दोहरे ने बताया कि संक्रमण के 98 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि यहां के विभिन्न अस्पतालों में 937 मरीजों का उपचार चल रहा है और 22,816 लोग संक्रमित होने के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अब तक कुल 23,838 लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में कोविड-19 संक्रमण की वजह से अब तक कुल 85 लोगों की मौत हो चुकी है।

देशभर में 31,521 नये मामले, 412 और मरीजों की मौत

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 31,521 नये मामले आने से बृहस्पतिवार को संक्रमितों की संख्या 97,67,371 हो गयी। संक्रमण से 412 और लोगों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या 1,41,772 हो गयी। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक हैं संक्रमण से अब तक 92,53,306 लोग ठीक हो चुके हैं जिससे ठीक होने की दर 94.74 प्रतिशत हो गयी है। कोविड-19 के मामले में मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है।

देश में लगातार चौथे दिन उपचाराधीन मरीजों की संख्या चार लाख से कम रही। देश में 3,72,293 मरीजों का उपचार चल रहा है। यह संक्रमण के कुल मामलों का 3.81 प्रतिशत है। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख से ज्यादा हो गयी थी। इसके बाद 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को संक्रमितों की कुल संख्या 40 लाख से ज्यादा हो गयी।

इसके बाद 16 सितंबर को संक्रमण के 50 लाख से ज्यादा मामले हो गए और 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को संक्रमितों की संख्या 90 लाख से ज्यादा हो गयी। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक बुधवार को 9,22,959 नमूनों की जांच के साथ अब तक कुल 15,07,59,726 जांच हो चुकी है।

देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से 412 और लोगों की मौत हो गई। इनमें से महाराष्ट्र में 75, दिल्ली में 50, पश्चिम बंगाल में 47, केरल में 35, हरियाणा में 26 और कर्नाटक तथा उत्तर प्रदेश में 20-20 लोगों की मौत हुई। देश में अब तक 1,41,772 लोगों की मौत हो चुकी है, इनमें महाराष्ट्र में 47,902, कर्नाटक में 11,900, तमिलनाडु में 11,836, दिल्ली में 9,813, पश्चिम बंगाल में 8,867, उत्तर प्रदेश में 7,987, आंध्र प्रदेश में 7,045 और पंजाब में 4,980 मरीजों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीज पहले से गंभीर रोगों से ग्रस्त थे।

अन्य खबरें