UPDATE: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 20वीं मंजिल से छलांग लगाकर शख्स ने जान दी

Tricity Today | हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस



ग्रेटर नोएडा वेस्ट की साया जेवोन हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले कमल बजाज ने 20वीं मंज़िल से कूदकर जान दे दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची है। इस व्यक्ति ने ऐसा क्यों किया, अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बिसरख थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस राजेश कुमार सिंह और असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस राजीव कुमार मौके पर पहुंचे हैं। एसीपी ने बताया कि अभी तक यह पता चला है कि व्यक्ति का नाम कमल बजाज है। वह सोसायटी में परिवार के साथ रहते थे। उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। कुछ देर पहले उन्होंने अपने घर से छलांग लगा दी है। बिसरख पुलिस मौके पर है। छानबीन कर रही है।

कमिश्नर ऑफिस की मीडिया सेल ने बताया कि अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति कमल बजाज जिनकी उम्र लगभग 50 वर्ष है। वह एच ब्लॉक 2032 साया जोवोन गौर सिटी फर्स्ट में अपनी पत्नी और पुत्र के साथ रहते थे। सोसायटी के 20वें तल से गिरने से उनकी मौत हो गयी है। पुलिस मौके पर हैं। पंचायत नामा और पोस्टमार्टम के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया प्रकरण आत्महत्या का प्रतीत होता है। आवश्यक जांच की जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। हालत देखकर लोग परेशान हो गए। ऊंचाई से गिरने के कारण पूरा शरीर लोथड़ों में तबदील हो गया है। साया सोसायटी गौर सिटी के बीच में पड़ती है। थोड़ी देर में ही आसपास की सारी हाउसिंग सोसायटियों में यह खबर आग की तरह फैल गई है। शनिवार की शहर के ज्यादातर लोगों का साप्ताहिक अवकाश है। इस सूचना के बाद से लोग परेशानी महसूस कर रहे हैं।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आत्महत्या और आत्महत्या के प्रयास की लगातार घटनाएं हो रही हैं। इससे ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रह रहे 60 हजार से ज्यादा परिवार परेशान हैं। लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि यह सब क्या हो गया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाउसिंग सोसायटियों में औसतन हर सप्ताह कोई न कोई सुसाइड कर रहा है।

पिछले कुछ दिनों में आत्महत्या के मामले

  1. 29 दिसम्बर 2019 को ग्रीन ओक सोसायटी में 22 साल की युवती ने अपने फ्लैट में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी।
  2. 09 जनवरी 2020 को सुपरटेक इकोविलेज वन में 40 साल के अविवाहित पुरुष ने गले में फंदा लगाकर अपने फ्लैट में आत्महत्या कर ली थी।
  3. 12 फरवरी 2020 को निराला एस्पायर सोसायटी में 21 साल के युवक ने रात में 10 बजे 12वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी।
  4. 25 फरवरी 2020 को सुपरटेक इकोविलेज दो में 30 साल की युवती ने बालकोनी से छलांग लगा दी थी। वह बच गई थी। अभी अस्पताल में भर्ती है।
  5. 29 फरवरी 2020 को सुपरटेक इकोविलेज वन में 37 साल की महिला ने सुबह तीन बजे छठे फ्लोर से छलांग लगा दी थी। महिला की नौकरी जाने के कारण तनाव में थी।

अन्य खबरें