जेवर फिल्म सिटी को यमुना एक्सप्रेस वे से जोड़ने के लिए बनेगा अलग इंटरचेंज, जानिए क्या फायदा होगा

Tricity Today | Proposed Site for Jewar Film City



Yamuna Film City (Infotainment City) को लेकर सरकार और Yamuna Expressway Industrial Development Authority बहुत तेजी से काम कर रहे हैं। अब इंफोटेनमेंट सिटी को सीधे यमुना एक्सप्रेस वे से जोड़ा जाएगा। इसके लिए यमुना प्राधिकरण सेक्टर-21 और सेक्टर-28 के बीच में इंटरचेंज बनाएगा। अगले एक हफ्ते में इसका टेंडर निकाल दिया जाएगा। कंपनी का चयन होने के बाद छह महीने में यह बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बनने से आवासीय सेक्टर-18 और सेक्टर-20 को भी फायदा मिलेगा। यहां के लोग सीधे यमुना एक्सप्रेस वे तक पहुंच सकेंगे।

यमुना एक्सप्रेस वे के जरिए दिल्ली, नोएडा, मथुरा, अलीगढ़, आगरा और लखनऊ तक बेहद आसान पहुंच बन जाएगी। यमुना सिटी में इंफोटेनमेंट सिटी बसाने की कवायद तेज हो गई है। यहां पर फिल्मी सितारों के अलावा तमाम लोग आएंगे। इसलिए आवागमन की सुविधा बेहतर होनी चाहिए। यमुना प्राधिकरण फिल्म सिटी की यमुना एक्सप्रेस वे से कनेक्टिविटी के लिए बड़ा फैसला लिया है। सेक्टर-21 और 28 के बीच में एक इंटरचेंज बनाया जाएगा। प्राधिकरण ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। अगले एक हफ्ते में इसका टेंडर निकाल दिया जाएगा। इसका एस्टीमेट बनाया जा रहा है। एक-दो दिन में इसका अंतिम रूप देते हुए टेंडर निकाल दिए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि काम शुरू होने पर छह महीने में यह पूरा हो जाएगा।

यमुना प्राधिकरण के इन सेक्टरों को भी फायदा मिलेगा

इस इंटरचेंज से फिल्म सिटी के अलावा कई और सेक्टरों को सीधे फायदा मिलेगा। प्राधिकरण के सबसे बड़े आवासीय सेक्टर 18 और 20 के लोग भी सीधे एक्सप्रेस वे जा सकेंगे। इन दोनों सेक्टरों में करीब 21 हजार आवंटी हैं। साथ ही सेक्टर-28 के आवंटियों को भी राहत मिलेगी। इन सेक्टरों के लोगों का आवागम आसान हो जाएगा।

इस पर करीब 70-80 करोड़ रुपये होंगे खर्च

इंटरचेंज बनाने में 70-80 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्राधिकरण का कहना है कि टेंडर एक हफ्ते में निकाल दिए जाएंगे। कंपनी का चयन होने के बाद जल्द काम शुरू कराया जाएगा। उम्मीद है कि छह महीने में यह इंटरचेंज बनकर तैयार हो जाएगा।

यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुण वीर सिंह का कहना है कि इंफोटेनमेंट सिटी को सीधे यमुना एक्सप्रेस वे को जोड़ा जाएगा। इसके लिए सेक्टर-21 और सेक्टर-28 के बीच इंटरचेंज बनाया जाएगा। एक सप्ताह में टेंडर निकाल दिए जाएंगे। विकास प्राधिकरण करीब 70-80 करोड़ रुपए खर्च करके यह इंटरचेंज बनवाएगा। इंटरचेंज के पास ही सेक्टर-21 में 1,000 एकड़ जमीन इन्फोटेनमेंट सिटी के लिए रिजर्व कर दी गई है।

अन्य खबरें