BREAKING : गौतमबुद्ध नगर में संक्रमण से एक और मौत, महिला जज समेत 102 लोग संक्रमित

नोएडा | 3 साल पहले | Anika Gupta

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



गौतमबुद्ध नगर जिले में गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के कारण एक और मरीज की मौत हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान 102 नए मामले सामने आए हैं। इनमें ग्रेटर नोएडा जिला न्यायालय की जज भी शामिल हैं। इस वजह से गुरुवार को जिला न्यायालय में कामकाज नहीं हुआ है। अब जिले में संक्रमण के मामले बढ़कर 22,111 हो गए हैं। संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 81 हो गई है।

गौतमबुद्ध नगर के जिला निगरानी अधिकारी डॉक्टर सुनील दोहरे ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 160 लोग उपचार के दौरान ठीक होकर 24 घंटे के अंदर अस्पतालों से घर जा चुके हैं। वहीं विभिन्न अस्पतालों में 1,285 मरीजों का उपचार चल रहा है। जिला निगरानी अधिकारी ने बताया कि अब तक जिले में 20,745 लोग उपचार के बाद संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कोविड-19 से 81 लोगों की मौत हो चुकी है। 

गौतमबुद्ध नगर की एक अदालत में पदस्थ एक महिला मजिस्ट्रेट के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। जिसके बाद गुरुवार को जिला अदालत का कामकाज बंद रहा। वरिष्ठ अधिवक्ता रामशरण नागर ने बताया कि जिला अदालत में पदस्थ महिला मजिस्ट्रेट कोविड-19 से कल संक्रमित पाई गई थी। उन्होंने बताया कि जिला अदालत को आज सेनेटाइज किया जा रहा है। शुक्रवार को नियमित रूप से कामकाज शुरू होने की संभावना है।

अन्य खबरें