Tricity Today | आशु जाट
वेस्ट यूपी में आतंक का पर्याय बन चुका आशु जाट मुंबई में भेष बदलकर रह रहा था। उसने लंबी दाढ़ी बढ़ा रखी है और मुंबई के एक भीड़ भरे इलाके में पहचान छिपाकर आराम से रहता पाया गया है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को उसकी भनक लगी। पुलिस ने कई दिन तक उसकी रेकी की। अंततः शुक्रवार की देर रात उसे धर दबोचा गया। क्राइम ब्रांच ने उससे पूछताछ की तो शुरुआत में उसने कोई जानकारी नहीं दी। जब पुलिस ने सख्ती बरती तो एक के बाद एक लूट, हत्या और डकैती के मामले उसने पुलिस के सामने खोल कर रख दिए।
मुम्बई पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) मिलिंद भामरे ने बताया, दो दिन पहले जानकारी मिली की विलेपार्ले पश्चिम की अतुलबाड़ी इर्ला मार्केट, प्रेम नगर में एक व्यक्ति रह रहा है। जिसने पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में कई बड़े अपराध किए हैं। उस पर वेस्ट यूपी के हापुड़ जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेता राकेश शर्मा की हत्या का मुकदमा दर्ज है। गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा शहर में कारोबारी गौरव चंदेल की हत्या का मुख्य आरोपी है। इसके अलावा हत्या, लूट, डकैती और गैंगस्टर के मामले उसके खिलाफ दर्ज हैं।
सूचना देने वाले ने यह भी बताया कि वह पश्चिम उत्तर प्रदेश में कुख्यात मिर्ची गैंग का सरगना है। एसीपी क्राइम मिलिंद भामरे ने बताया कि जानकारी को सत्यापित करने के लिए खुफिया तौर पर जांच-पड़ताल की गई। इस व्यक्ति के बारे में सूचना एकत्र करने पर प्रारंभिक रूप से सारी जानकारियां उचित प्रतीत हुईं। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने शुक्रवार की रात अतुलबाड़ी में छापेमारी की। इस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और क्राइम ब्रांच लाकर पूछताछ की गई। शुरुआत में उसने कोई खास जानकारी नहीं दी, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह आशु जाट उर्फ प्रवीण है। मूल रूप से गाजियाबाद के काजीपुरा गांव का रहने वाला है। वह मिर्ची गैंग का सरदार है। उसने भारतीय जनता पार्टी के नेता राकेश शर्मा की हत्या और ग्रेटर नोएडा में कारोबारी गौरव चंदेल की हत्या में शामिल होने की जानकारी दी है।
एसीपी ने बताया कि इसके अलावा उसने 19 अपराध में शामिल होने की जानकारी दी है। यह सारे अपराध उसने गाजियाबाद, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर और दिल्ली में किए हैं। इसके बाद गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद पुलिस से संपर्क किया गया। इस व्यक्ति के फोटो पुलिस को भेजकर सत्यापित करवाया गया। गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद पुलिस ने इसके आशु जाट होने की पुष्टि कर दी है। उत्तर प्रदेश से पुलिस टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करके उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप दिया जाएगा।
दिल्ली से भागकर आशु जाट सीधे मुंबई पहुंचा
गौरव चंदेल हत्याकांड के बाद गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने आशु जाट के दिल्ली में ठिकाने पर छापा मारा था। दुर्भाग्यवश उस दिन आशु जाट गौतमबुद्ध नगर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया था। वह पुलिस के पहुंचने से थोड़ी देर पहले ही अपनी पत्नी से 50 रुपये लेकर वहां से निकल गया था। मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आशु दिल्ली से भागकर सीधे मुंबई पहुंचा और वहां भेष बदलकर रह रहा था। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी बहुत बढ़ा ली थी। वहां बेहद लो प्रोफाइल बनकर रह रहा था।
काम की खबर : ग्रेटर नोएडा वेस्ट से गाजियाबाद जाने पर वाहनों की रहेगी पाबंदी, जानिए कारण
ग्रेटर नोएडा वेस्टBIG BREAKING : दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा, स्विफ्ट कार दूसरे वाहन से टकराई, एक की मौत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट