अच्छी खबर : यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे नया वृंदावन बसाया जाएगा, 7000 करोड़ रूपये खर्च होंगे, शहर में होंगी ये खूबियां

Tricity Today | Dr. Arun Veer Singh IAS



यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (Yamuna Authority) एक और शहर बसाने जा रहा है। इसके लिए मास्टर प्लान प्राधिकरण की तरफ से उत्तर प्रदेश सरकार को भेजा गया था। जिस पर सरकार ने अपनी मुहर लगा दी है। यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे राया (मथुरा) के पास 9350 हेक्टेयर में नया वृंदावन शहर बसाया जाएगा। नये शहर में सबसे अधिक जोर पर्यटन पर होगा। कुल क्षेत्रफल में से 731 हेक्टेयर जमीन पर पर्यटन जोन और 110 हेक्टेयर में रिवर फ्रंट विकसित किए जाएंगे। इसको बसाने में करीब 7 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे।

यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने कहा, यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे एक नया शहर बसाने के लिए योजना तैयार कर ली गई है। यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे राया में नया शहर बसाया जाएगा। इसका मास्टर प्लान बन गया है। सरकार ने इसको मंजूरी भी दे दी है। यह शहर मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेस वे के बायीं ओर बसाया जाएगा। इस नए शहर का क्षेत्रफ़ल 9350 हेक्टेयर होगा। इसकी प्रारंभिक रिपोर्ट बन गई है। मथुरा-वृंदावन में भगवान श्रीकृष्ण की महागाथा सिर्फ मंदिरों तक सीमित रह गई है। नए शहर में श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर महाभारत तक के जीवन दर्शन की झलकी देखने के लिए मिलेगी। भारत की सांस्कृतिक विरासत भी नए शहर में दिखेगी।

सीईओ ने कहा, नए वृंदावन में ब्रज की पुरानी संस्कृति को दिखाया जाएगा। यहां पुरानी हाट, ऋषि-मुनियों के आश्रम, म्यूजियम, मिनिएचर, गांव और वन विकसित किए जाएंगे। यहां दिखाया जाएगा कि गोपियां किस तरह भगवान श्रीकृष्ण के साथ नृत्य करती थीं। नये शहर में औद्योगिक, आवासीय, रीक्रिएशनल ग्रीन, ट्रांसपोर्ट, पर्यटन जोन, ग्रामीण आबादी, व्यावसायिक, मिश्रित उपयोग, ऑफिसेज, रीवर फ्रंट और वाटर बॉडी आदि के लिए जगह तय कर दी गई है। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि अब नये शहर की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनवाई जाएगी। इसके लिए जल्द एजेंसी का चयन किया जाएगा। इसका काम जेवर एयरपोर्ट के साथ शुरू होगा। अगले 4 साल में इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

अन्य खबरें