पंकज सिंह के दौरे के बाद सेक्टर-71 चौराहे का रास्ता खुला, वाहनों ने भरा फर्राटा

नोएडा | 4 साल पहले | Tricity Reporter

Tricity Today | पंकज सिंह के दौरे के बाद सेक्टर-71 चौराहे का रास्ता खुला, वाहनों ने भरा फर्राटा



नोएडा में सेक्टर-71 चौराहे से सेक्टर-76 और सेक्टर-62 मॉडल टाउन की ओर जाने वाला रास्ता खोल दिया गया है। इस चौराहे पर अभी अंडरपास का निर्माण कार्य जारी है। अंडरपास के ऊपर का मार्ग खुलने से वाहन चालकों को काफी सहूलियत मिली है। इस रास्ते से रोजाना लाखों वाहन गुजरते हैं। ऊपर का रास्ता खुलने से सिटी सेंटर से ग्रेटर नोएडा वेस्ट और ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहन भी आवागमन कर सकते हैं। मंगलवार को नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने निर्माणाधीन स्थल का दौरा किया था।

बुधवार को नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक केके अग्रवाल और वर्क सर्किल छह के वरिष्ठ प्रबंधक मुकेश कुमार वैश्य ने चौराहे के दौरा किया था। दोनों अफसरों ने निरीक्षण किया और यहां साफ-सफाई करवाई। दोपहर तीन बजे के बाद रास्ते को खोल दिया गया। जिसके बाद सेक्टर-76 और सेक्टर-62 मॉडल टाउन की ओर जाने वाले वाहनों को सहूलियत हो गई है।

नोएडा का यह एक महत्वपूर्ण ट्रैफिक जंक्शन है। लॉकडाउन से पहले यहां वाहन चालकों को भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा था। नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक मुकेश वैश्य ने बताया की मंगलवार को नोएडा विधायक पंकज सिंह ने अंडरपास के निर्माण कार्य को देखा था। वे काम से संतुष्ट थे। शहर के लोगों की मांग पर विधायक ने अंडरपास के ऊपर से सेक्टर 62 की ओर जाने वाली रोड को खोलने की बात कही थी।

इसके बाद बुधवार को महाप्रबंधक केके अग्रवाल ने अंडरपास के निर्माण कार्य का जाएजा लिया। उनके आदेश पर ऊपर का मार्ग खोल दिया गया है। अंडरपास का निर्माण अभी आठ माह में पूरा होगा। इसके बाद सेक्टर-71 चौराहा जाम मुक्त और यातायात के लिए सुगम हो जाएगा। यहां दिनभर जाम लगता था। ट्रैफिक का दबाव बहुत ज्यादा था। ट्रैफिक सिग्नल और एक दर्जन पुलिसकर्मी भी मिलकर वाहनों को नहीं संभाल पाते थे। नोएडा गाजियाबाद ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच संपर्क बनाने के लिए या चौराहा महत्वपूर्ण है।

मुकेश वैश्य ने कहा  कि शहर के लोगों की इन्हीं परेशानियों को देखते हुए यहां अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है। इसका निर्माण अगले आठ माह में पूरा कर लिया जाएगा। लॉकडाउन की वजह से इसका काम रुक गया था, लेकिन अब दोबारा निर्माण शुरू कर दिया गया है। अनलॉक-वन में वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो चुकी है। इससे वाहन चालक सेक्टर-62 मॉडल टाउन से सेक्टर-76 से ओर सीधे और ग्रेटर नोएडा एक्सटेशन से सिटी सेंटर की ओर आ-जा सकेंगे।

अन्य खबरें