ग्रेटर नोएडा वेस्ट : प्रियंका और उसके बेटे को 17वीं मंजिल से गिराकर मारा, पिता ने दर्ज करवाई एफआईआर

Tricity Today | प्रियंका और उसके बेटा



ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ईकोविलेज-1 हाउसिंग सोसाइटी में महिला और उसके मासूम बेटे की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। महिला के पिता की ओर से पति और ससुराल वालों पर एफआईआर दर्ज करवाई गई है। बिसरख कोतवाली पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। महिला के पिता का आरोप है कि उसकी बेटी और नाती को 17वीं मंजिल से धक्का देकर मारा गया है। इसके पीछे उन्होंने दहेज की लालसा को कारण बताया है। आरोप है कि प्रियंका और उसके चार साल के बेटे की हत्या की गई है। उसके पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच ससुराल वालों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न और धक्का देकर हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

प्रियंका के पिता मुनिराज त्यागी ने बिसरख कोतवाली में एफआईआर दर्ज करवाई है। उनका आरोप है कि सुपरटेक ईकोविलेज-1 सोसाइटी में शनिवार को प्रियंका और उसके चार साल के बेटे प्रियांश की 17वीं मंजिल से गिराकर मारा गया है। मुनिराज त्यागी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी प्रियंका का विवाह अप्रैल 2015 में निशांत से किया था। प्रियंका के पति निशांत ने शनिवार की सुबह कॉल की। सूचना दी कि प्रियंका बेड से गिर गई है। जबकि उनकी बेटी और नाती की मौत हो चुकी थी। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग प्रियंका को अतिरिक्त दहेज में 10 लाख रुपये और कार लाने की मांग करके प्रताड़ित करते थे। 

मणिराज त्यागी ने बताया कि प्रियंका ने उत्पीड़न के संबंध में अपने भाई राहुल को 24 अक्तूबर चैटिंग करके जानकारी दी थी। मुनिराज की तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्रियंका के पति निशांत, सास निर्देश, ससुर सुबोध, ननद रीमा और देवर वरुण के ‌खिलाफ केस दर्ज किया है। बिसरख कोतवाली के इंस्पेक्टर मुनीश चौहान का कहना है कि प्रियंका के पिता की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रियंका और उसके बेटे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ चुकी है। इस मामले में गंभीरता के साथ जांच की जा रही है।

अन्य खबरें