गौरव चंदेल हत्याकांड में इंसाफ की मांग के लिए पदयात्रा करने वालों पर कार्रवाई नहीं होगी

TriCity Today | Jewar MLA Dhirendra Singh




गौरव चंदेल प्रकरण में ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन में हुआ प्रदर्शन जनभावनाएं थीं। अखबारों के माध्यम से उन लोगों पर कार्यवाही किये जाने की खबरों के बाद मैंने पुलिस के आला अधिकारियों से बात की है। किसी भी नागरिक पर अनुचित कार्यवाही न करने को कहा है, यह जानकारी जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने दी।

धीरेंद्र सिंह ने कहा, 6-7 जनवरी 2020 की रात रीजनल मैनेजर और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी के निवासी गौरव चंदेल की हत्या कर दी गई थी। जिसमें लोगों की भावनाएं और उनका आक्रोश सड़कों पर विरोध दर्ज करवाने के लिए प्रकट हुआ, जो किसी बड़ी घटना के बाद जनता की स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी। सभी को लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक रूप से अपनी बात कहने का अधिकार है। लेकिन विभिन्न स्त्रोतों और अखबारों के माध्यम से ज्ञात हुआ कि ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन के लोगों पर पुलिस सख्त कार्यवाही करने वाली है। उसी को देखते हुए आज मैंने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और अन्य अधिकारियों से वार्ता की है। कहा है कि ऐसा कोई अनुचित कदम नहीं उठाएं, जिससे जनभावनाएं आहत हों।

पुलिस से बात करने के बाद धीरेंद्र सिंह ने ट्वीट करके भी यह जनकारी दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश पुलिस और पुलिस महानिदेशक को भी टैग किया है।

अन्य खबरें