ग्रेटर नोएडा में एनकाउंटर : पुलिस ने कैब लूटने वाले बदमाश को मारी गोली, एक जान बचाकर भागा

Tricity Today | पुलिस की गिरफ्त में आरोपी



Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में थाना सूरजपुर पुलिस की शुक्रवार रात कैब सवार दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि दूसरा बदमाश जान बचाकर भाग निकला। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर 16 सितंबर को चालक को घायल कर कैब लूटी थी। 

चेकिंग के दौरान की फायरिंग 
थाना सूरजपुर पुलिस शुक्रवार रात जुनपत गोल चक्कर पर चेकिंग कर रही थी, तभी सामने से तेज गति से आ रही एक सफेद रंग की वैगनआर कार, जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी, संदिग्ध नजर आई। जब उसे चेकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया गया तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला। पकड़े गए आरोपी की पहचान गौतम चौहान पुत्र शेर सिंह चौहान निवासी गुलिस्तानपुर ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है।आरोपी के कब्जे से उबर कैब वैगनआर कार, तमंचा ,1 खोखा कारतूस व 1 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। बरामद कैब 16 सितंबर को थाना सूरजपुर क्षेत्र से चालक को घायल कर लूटी गई थी।

पुलिस का बयान 
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर 16 सितंबर को कैब लूटी थी। आरोपी से कैब बरामद कर ली गई है। उसकी साथी ही तलाश में कांबिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

अन्य खबरें