Greater Noida West : आम्रपाली किंग्सवुड के निवासियों की दिवाली और दुर्गा पूजा पर छाया संकट

Tricity Today | Symbolic Image



Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आम्रपाली किंग्सवुड (Amrapali Kingswood) के निवासियों के लिए इस साल का त्योहारी मौसम खुशियों के बजाय चिंताओं से भरा हुआ है। दुर्गा पूजा और दिवाली के करीब आते ही यहां के निवासियों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। AOA (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) की कथित मनमानी के कारण लोगों को अपने नए घरों में रहने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

निवासियों ने लगाए आरोप 
निवासियों के अनुसार, 11-12 साल के लंबे इंतजार के बाद मिले फ्लैट्स में डीजी (डीजल जेनरेटर) सप्लाई न होने के कारण लोग अपने नए घरों में शिफ्ट नहीं कर पा रहे हैं। निवासियों ने AOA के साथ कई बैठकें कीं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। एक निवासी राजेश राय ने बताया कि सुबह लिफ्ट न चलने के कारण उन्हें सीढ़ियों से उतरना पड़ा, लेकिन नीचे ताला लगा होने के कारण वे फंस गए। एक अन्य निवासी कुमार मृत्युंजय ने सवाल उठाया कि यदि AOA बुनियादी सुविधाएं नहीं दे सकती, तो वे मेंटेनेंस का शुल्क क्यों ले रहे हैं। उन्होंने यह भी मांग की कि बिजली, पानी, या लिफ्ट जैसी आवश्यक सेवाओं में समस्या आने पर उन्हें अलग व्यवस्था दी जाए।

AOA सुविधाएं देने में असमर्थ 
इस बीच, निवासियों ने कोर्ट रिसीवर से भी गुहार लगाई है। उनका कहना है कि अगर वर्तमान AOA सुविधाएं देने में असमर्थ थी, तो उसे NBCC से किंग्सवुड टावर का हैंडओवर लेना ही नहीं चाहिए था। निवासियों का सुझाव है कि किंग्सवुड का अपना रजिस्टर्ड एसोसिएशन है, जिसका उपयोग किया जा सकता है। 

निवासियों ने कोर्ट तक लगाई गुहार 
इस वक्त AOA द्वारा डीजी सप्लाई का हैंडओवर न लेने के कारण निवासी अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। कोर्ट रिसीवर को पत्र लिखने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई है। निवासियों में चिंता है कि इस साल दुर्गा पूजा और दिवाली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार वे कैसे मनाएंगे। वे उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि त्योहारी सीजन की खुशियां फीकी न पड़ें।

अन्य खबरें