Noida Night Curfew : जिले में 5059 लोगों के चालान, 70 के खिलाफ एफआईआर, 27 वेहीकल जब्त

नोएडा | 3 साल पहले | Anika Gupta

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



COVID-19 Cases in Noida : नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कोरोनावायरस का संक्रमण विकराल रूप धारण कर रहा है। दूसरी ओर आम आदमी पुलिस, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की बात मानने के लिए तैयार नहीं है। लोग भीड़ भरे इलाकों में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रहे हैं। मास्क लगाने से परहेज बरतते हैं। लिहाजा, गुरुवार को पुलिस ने सख्ती बरती है। जिले भर में हजारों लोगों के चालान काटे गए हैं। बड़ी संख्या में वाहन जब्त कर लिए गए हैं। 70 लोगों के खिलाफ निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर एफआईआर दर्ज की गई है। गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार सिंह ने कहा है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौतमबुद्ध नगर में कोविड-19 महामारी के पुनः संक्रमण के खतरे को देखते हुए पुलिस सख्ती बरत रही है। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने सभी थाना क्षेत्रों में पीसीआर, माइक मोबाइल जीप, पैदल गश्त टीम और स्वयं पुलिस अधिकारियों को सक्रिय रहने का आदेश दिया है। कोविड गाइडलाइन्स, सोशल डिस्टेंसिनग, मास्क लगाने, दो गज की दूरी रखने और रात्रि कर्फ्यू के सम्बंध में लगातार अनाउंसमेंट किया जा रहा है। यदि कोई भी व्यक्ति कोविड सम्बन्धी नियमों का उल्लंघन कर रहा है तो उस पर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। जुर्माना किया जा रहा है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुरुवार को बिना मास्क लगाए सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले 3,364 व्यक्तियों का चालान किया गया है। इनसे 3,36,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। जिले में 1,685 वाहनों का चालान करके 1,99,900 रुपये शमन शुल्क वसूला गया है। साथ ही 27 वाहनों को सीज भी किया गया है। जिलेभर में 70 व्यक्तियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 188 के तहत 30 अभियोग पंजीकृत किये गये हैं।

अन्य खबरें