नोएडा से बड़ी खबर : पुलिस ने कसी संगठित अपराध पर नकेल, रातोंरात 100 से ज्यादा हिस्ट्रीशीटर पकड़े

नोएडा | 12 महीना पहले | Anika Gupta

Google Image | Symbolic Image



Noida News : नोएडा से बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश में संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई चल रही है। इसी सिलसिले में पुलिस ने गुरुवार तड़के एक ऑपरेशन लॉन्च किया। जिसमें नोएडा शहर से आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 135 लोगों को पकड़ा गया है। इनमें अधिकांश हिस्ट्रीशीटर हैं। इन लोगों पर हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, फिरौती के लिए अपहरण और जबरन वसूली जैसे मामले चल रहे हैं। ऐसे 80 से जयादा अपराधी हिरासत में लिए गए हैं, जो बार-बार कानून तोड़ रहे हैं। इन तमाम लोगों से लंबी पूछताछ की गई। उनकी मौजूदा गतिविधियों का सत्यापन करने के बाद छोड़ दिया गया है।

इस वजह से किया गया ऑपरेशन
नोएडा पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सक्रिय अपराध सिंडिकेट और गिरोहों के इशारे पर छोटे अपराधी काम करते हैं। इस सांठगांठ को तोड़ने के लिए यह ऑपरेशन किया गया। नोएडा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शक्ति अवस्थी ने कहा, "इन अपराधियों से क्राइम सिंडिकेट संपर्क कर रहे हैं या नहीं, कोई इनसे अपराध करवाने के लिए संपर्क तो नहीं कर रहा है, यह पता लगाने के लिए अभियान चलाया गया था। पूर्व में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वालों को बताया गया कि वे सर्विलांस पर हैं।"

135 हिस्ट्रीशीटर रातोंरात पकड़े गए
शक्ति अवस्थी ने आगे कहा, "यह एक विस्तृत ऑपरेशन था। जिसमें आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 135 लोगों को पकड़ा गया। जिनमें से अधिकांश हिस्ट्रीशीटर हैं। उनके नए क्रेडेंशियल रिपोर्ट किए गए हैं। पुलिस ने अपना डोजियर और डेटाबेस अपडेट किया है। उनके बारे में सभी संभावित विवरण एकत्र किए गए हैं। गुरुवार की रात जब पुलिस का यह अभियान चला उस वक्त भारी बारिश और गरज थी लेकिन अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया है।"

पुलिस ने डोजियर और रिकॉर्ड अपडेट किया
गौतमबुद्ध नगर और आसपास के इलाकों में रहने वाले सभी 135 लोगों को विस्तृत सत्यापन किया और फिर रिहा कर दिया गया है। इस अभियान के माध्यम से मिली जानकारी और आंकड़ों के आधार पर विस्तृत डोजियर तैयार किए जा रहे हैं। हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड अपडेट किए जा रहे हैं। आपको बता दें कि नोएडा के नौ थानाक्षेत्रों में 120 हिस्ट्रीशीटर सूचीबद्ध हैं। एडीसीपी शक्ति अवस्थी ने आगे कहा, "सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि कई अपराधियों ने अपराध करना छोड़ दिया है। लंबे समय से किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं हैं।"

अवस्थी ने कहा, "हमने पाया है कि कई हिस्ट्रीशीटर ने अब नियमित नौकरी कर ली हैं। अपने खेतों में काम कर रहे हैं। दुकानें चला रहे हैं या ड्राइवर के रूप में काम कर रहे हैं।"

अन्य खबरें