नोएडा में रामलीला : 150 फुट का होगा विशाल मंच, तैयारियां शुरू 

नोएडा | 3 दिन पहले | Nitin Parashar

Tricity Today | भूमिपूजन



Noida News : सेक्टर-62 में स्थित रामलीला मैदान में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम हुआ। श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति ने भूमिपूजन के साथ इस साल की रामलीला मंचन की तैयारियों की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में समिति के चेयरमैन उमशंकर गर्ग, अध्यक्ष धर्मपाल गोयल और कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की विशेष पूजा की। इसके बाद आरती की गई और प्रसाद बांटा गया।

रामलीला का आयोजन
समिति के महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि इस साल रामलीला का आयोजन 3 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस दौरान 55 से ज्यादा कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।  7 अक्टूबर को श्रीराम बारात की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो आकर्षण का केंद्र होगी। समिति ने सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा है। सभी अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

विशाल मंच होगा तैयार : महासचिव
महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि मंचन के लिए एक विशाल मंच तैयार किया जा रहा है। 150 फुट लंबे इस मंच को तीन हिस्सों में बांटा जाएगा। पहला हिस्सा जंगल की तरह, दूसरा पहाड़ की तरह और तीसरा राम दरबार की तरह सजाया जाएगा। यह व्यवस्था दर्शकों को रामायण के दृश्यों का जीवंत अनुभव देने के लिए की गई है। इस आयोजन का हिस्सा ज्यादा से ज्यादा लोग बनें और रामायण की जीवंत प्रस्तुति का आनंद लें।

अन्य खबरें