Noida Shrikanth Tyagi Issue : जंतर-मंतर से त्यागी समाज ने राष्ट्रपति को भेजा लेटर, कहा- असली गुनहगार नेता पर एक्शन कब?

नोएडा | 2 साल पहले | Nitin Parashar

Tricity Today | राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु



Noida : नोएडा की ओमैक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसाइटी में हुए विवाद और उसके बाद श्रीकांत त्यागी के खिलाफ कठोर पुलिस कार्यवाही का विरोध में बुधवार को त्यागी समाज ने दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के नाम ज्ञापन दिया है। इस ज्ञापन में श्रीकांत त्यागी के खिलाफ उठाए गए गैरकानूनी कदमों का ब्यौरा दिया गया है। ज्ञापन में मांग रखी गई है कि श्रीकांत त्यागी के खिलाफ बिना वजह लगाए गए मुकदमे और गैंगस्टर अधिनियम को तत्काल हटाया जाए और राजनेता के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस प्रदर्शन में कई राज्यों के त्यागी समाज के अलावा ब्राह्मण, जाट, ठाकुर, मुस्लिम और अन्य सभी समाज के लोग शामिल हुए।
ज्ञापन में रखी गई मांग
त्यागी ब्राह्मण समाज की ओर से यह ज्ञापन राष्ट्रपति को भेजा गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि श्रीकांत त्यागी ने नोएडा की सोसाइटी में भाजपा नेता की रिश्तेदारी से कहासुनी होने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करके अपराध किया है। इसकी सजा उनको मिलनी चाहिए। परंतु श्रीकांत की पत्नी का क्या कसूर था?, जो उनके साथ पुलिस ने अवैधानिक ढंग से व्यवहार किया। त्यागी के दोनों बच्चों को प्रताड़ित किया गया। यह सब स्थानीय नेता के दबाव में किया गया है। त्यागी समाज की मांग है कि निष्पक्ष जांच करवा कर आरोपित राजनेता और पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।

त्यागी समाज का आरोप
इस प्रकरण के दौरान गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा दो बार हाउसिंग सोसायटी पहुंचे थे। त्यागी समाज का आरोप है कि गौतमबुद्ध नगर के सांसद ने दबाव डाला, जिसकी वजह से श्रीकांत त्यागी पर यह अवैधानिक कार्यवाही की गई है। एक छोटे से विवाद को जानबूझकर सांसद ने तूल दिया है। इसे पूरे घटनाक्रम के विरोध में पश्चिम उत्तर प्रदेश समेत दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा और राजस्थान के त्यागी समाज ने 21 अगस्त को नोएडा पहुंचकर पुलिस कमिश्नरेट का घेराव करने की घोषणा की है। अब इसी सिलसिले में बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर सहारनपुर और गौतमबुद्ध नगर में पंचायतों का दौर चल रहा है।

जेल में श्रीकांत त्यागी
आपको बता दें कि पिछले सप्ताह नोएडा की ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसाइटी में विवाद हो गया था। जिसमें श्रीकांत त्यागी ने एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया था। इस मामले को लेकर श्रीकांत त्यागी के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए। गैंगस्टर अधिनियम भी लगाया गया है। श्रीकांत त्यागी पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने 4 दिन बाद श्रीकांत त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार किया था। वह अभी जेल में बंद है।

अन्य खबरें