अच्छी पहल: भाजपा युवा मोर्चा देशभर में करेगा कोरोना संक्रमितों की मदद, हेल्पलाइन नम्बर जारी होगा

देश | 3 साल पहले | Testing

Tricity Today | भाजपा युवा मोर्चा देशभर में करेगा कोरोना संक्रमितों की मदद



देशभर में कोरोनावायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। दूसरी ओर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं हासिल करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे बड़ी समस्या यह है कि संसाधन उपलब्ध होते हुए लोगों को उनके बारे में जानकारी नहीं है। इस समस्या का समाधान करने के लिए भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (BJP Yuva Morcha) आगे आया है। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या (Tejasvi Surya) ने शनिवार की दोपहर बाद देशभर के पार्टी पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की है। तेजस्वी सूर्या ने युवा मोर्चा के तमाम कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को महामारी के इस दौर में आम आदमी की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।

तेजस्वी सूर्या ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मीटिंग की
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रताप नागर ने बताया, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी प्रदेश अध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों और जिला कार्यकारिणी को इस दिशा में काम करने का आदेश दिया है। युवा मोर्चा देशभर में कोरोनावायरस से संक्रमितों की मदद करेगा। इसके लिए जल्दी ही एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। सभी युवा मोर्चा के पदाधिकारी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहेंगे। ट्विटर, व्हाट्सएप या फेसबुक पर जो लोग संपर्क करेंगे, उनकी तत्काल मदद की जाएगी। युवा मोर्चा की ओर से जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर आम आदमी तक पहुंचाया जाएगा।

सभी जिला, प्रदेश, महानगर, नगर, मंडल इकाई काम करेंगी
प्रताप नागर ने बताया कि सभी जिला, प्रदेश, महानगर, नगर और मंडल इकाई इस दिशा में संयुक्त रूप से काम करेंगी। लोगों को अस्पतालों में बेड उपलब्ध करवाने, महामारी से लड़ने के लिए जरूरी दवाएं पहुंचाने और आवश्यकता पड़ने पर मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के लिए काम करेंगे। युवा मोर्चा के सभी प्रदेश अध्यक्ष अपने-अपने राज्यों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला अध्यक्षों से बैठक करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से मिले निर्देशों के बारे में जानकारी दी जाएगी। प्रताप नागर ने दावा किया कि अगले 24 घंटों में भाजपा युवा मोर्चा कोरोना संक्रमित को मदद पहुंचाने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू कर देगा।

आम आदमी की मदद करने के लिए मोर्चा आगे आया
आपको बता दें कि इस वक्त पूरा देश कोरोनावायरस के संक्रमण की चपेट में है। यह संक्रमण की दूसरी लहर है। जिसने विकराल रूप धारण कर लिया है। पिछले एक सप्ताह के दौरान देश के प्रत्येक राज्य और महानगर में संक्रमण के मामले तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। जिससे निपटने के लिए संसाधन कम पड़ रहे हैं। लोग परेशान हैं। मदद मांग रहे हैं। सोशल मीडिया पर मदद मांगने वालों की बाढ़ सी आ गई है। ऐसे में लोगों को सही जानकारी मिलना भी बड़ी समस्या है। इन्हीं परेशानियों को ध्यान में रखते हुए आम आदमी की मदद करने के लिए भाजपा युवा मोर्चा आगे आया है।

अन्य खबरें