बहराइच में हिंसा : मूर्ति विसर्जन के दौरान उपद्रव, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े

Google Images | बहराइच में उपद्रव



Uttar Pradesh : रविवार को महसी तहसील के हरदी थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच हुए विवाद ने भयंकर रूप ले लिया। महराज गंज कस्बे में कथित तौर पर हुए पथराव और फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया और जगह-जगह आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

इंटरनेट सेवाएं बंद
जानकारी के अनुसार रेहुवा निवासी 22 वर्षीय राम गोपाल मिश्रा को गोली लगने से गंभीर चोटें आईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिले में इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। यह कदम अफवाहों और भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए उठाया गया है। स्थिति को काबू में लाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, लेकिन बढ़ती हिंसा के कारण पुलिस बल को पीछे हटना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर कब्जा कर लिया है और वाहनों व दुकानों में आग लगाई जा रही है। हालांकि पीएसी बल मौके पर पहुंच गया है, लेकिन उनकी संख्या अभी तक पर्याप्त नहीं है।

हिंसा का असर लखनऊ तक पहुंचा
हिंसा का असर लखनऊ तक पहुंच गया, जहां प्रदर्शनकारियों ने एक सेवा अस्पताल में आग लगा दी। बहराइच के महसी तहसील में कुछ उपद्रवियों ने दुकानों को आग के हवाले कर दिया। इन घटनाओं के मद्देनजर, प्रशासन ने सभी स्कूलों और बाजारों को बंद करने का आदेश दिया है। स्थानीय प्रशासन तनाव को कम करने और शांति बहाल करने के लिए लगातार प्रयासरत है। अधिकारियों ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे हैं।

अन्य खबरें