जेवर एयरपोर्ट के पास बसने वालों के लिए खुशखबरी : कोलकाता की तर्ज पर ट्राम और पॉड टैक्सी चलेगी, यमुना प्राधिकरण का सर्वे शुरू

Tricity Today | Symbolic Image



Yamuna City : यमुना सिटी में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। यमुना सिटी के लोगों को एक सेक्टर से दूसरे सेक्टर में आने-जाने के लिए अपनी गाड़ियों का इस्तेमाल नहीं करना पड़ेगा। यमुना सिटी में 30 मीटर रोड से बड़ी सभी सड़कों पर कोलकाता की तर्ज पर ट्राम और पॉड टैक्सी चलेगी। घर से निकलते ही हर 500 मीटर की दूरी पर इनके स्टॉप होंगे। 

5 से 10 मिनट के भीतर मिलेगी पॉड टैक्सी और ट्राम
ट्राम और पॉड टैक्सी हर गली से गुजरेगी। मजेदार बात यह है कि प्रत्येक ट्राम 5 से 10 मिनट के भीतर आएगी। पॉड टैक्सी चलाने के लिए यमुना अथाॅरिटी ने रोड मेप तैयार कर लिया गया है। पहले चरण में पॉड टैक्सी 14.5 किलोमीटर चलाई जाएगी। इसके बाद पॉड टैक्सी का रूट आवश्यकता अनुसार बढ़ाया जाता रहेगा। जैसे-जैसे शहर में आबादी बढ़ेगी, वैसे-वैसे पॉड टैक्सी का रूट भी बढ़ाया जाएगा। यमुना अथाॅरिटी के दो अवासीय सेक्टर 18 और 20 में 300 वर्ग मीटर से लेकर 4,000 वर्ग मीटर साइज के 21 हजार आवासीय प्लाॅट है। यह दोनों सेक्टर 10 हजार वर्ग मीटर एरिया में 14 गांवों की जमीन पर बसाए जा रहे हैं। 

तेजी से हो रहा जेवर एयरपोर्ट के पास विकास
यमुना अथाॅरिटी के सीईओ ने बताया कि इन दोनों सेक्टर में अभी तक 16 हजार 800 आवंटियों को प्लाट का पजेशन दे दिया गया है। करीब 80 आवंटी मकान बनाकर रहने लगे हैं। इसके अलावा हजारों प्लाॅट और फ्लैट के आवंटी भी शामिल हैं। इनके अलावा शहर में बड़े पैमाने पर इंडस्ट्री लग रही है। देश का सबसे बड़ा इंटरनेशन एयरपोर्ट का निर्माण चल रहा है। आने वाले समय में यमुना सिटी में पहले चरण में 10 लाख लोग आकर बसेंगे। इन लोगों को आवागमन की सुविधाओं को लेकर अथाॅरिटी ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। 

सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को अपनाया जाएगा
उन्होने बताया कि यमुना सिटी में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को अपनाया जाएगा। यहां पर बसने वाले लोग कम से कम अपना प्राइवेट वाहन का इस्तेमाल करेंगे। इसके अलावा पॉड टैक्सी और ट्राम का ज्यादा इस्तेमाल किया जाएगा। सार्वजनिक परिवहन प्रणाली के लिए यमुना सिटी के प्रत्येक ब्लाॅक 30 मीटर रोड के साथ-साथ ट्राम और पॉड टैक्सी चलाई जाएगी। इसके लिए यमुना प्राधिकरण सर्वे कर रहा है।

अन्य खबरें