यमुना एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर, न टोल प्लाजा पर रुकना होगा और न कैश की प्रॉब्लम होगी

Tricity Today | Dr Arunvir Singh IAS



Yamuna Expressway News: यमुना एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) के किसी भी टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कैश की समस्या भी खत्म हो जाएगी। दरअसल, यमुना एक्सप्रेसवे पर अगले एक महीने के भीतर फास्टैग सिस्टम काम करने लगेगा। जिसके बाद देश के बाकी नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे की तरह ग्रेटर नोएडा से आगरा के बीच यात्रा करना सुगम हो जाएगा। अभी पीक ओवर्स में एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है। सोमवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण और बैंक कंसोर्टियम के बीच इस समाधान को लेकर एग्रीमेंट हुआ है।

केंद्र सरकार के भूतल परिवहन मंत्रालय ने देश के सभी नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर फास्टैग सिस्टम लागू कर दिया है, लेकिन अभी तक यमुना एक्सप्रेस वे पर यह व्यवस्था नहीं है। करीब 3 महीने पहले यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुणवीर सिंह ने बैंक कंसोर्सियम को यह व्यवस्था लागू करने को कहा था। जिस पर सोमवार को अमल किया गया है। यमुना प्राधिकरण और बैंकों के बीच एग्रीमेंट हो गया है। बैंकों का कहना है कि अगले एक महीने में फास्टैग सिस्टम यमुना एक्सप्रेसवे पर लागू कर दिया जाएगा। 

आपको बता दें कि यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर, मथुरा और आगरा में 3 टोल प्लाजा हैं। जिन पर अभी कैश का कार्ड के जरिए टोल का भुगतान करने की व्यवस्था है। ऐसे में सुबह-शाम के वक्त जब वाहनों का दबाव अधिक होता है तो टोल प्लाजा पर लंबी-लंबी लाइनें लग जाती हैं। जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अन्य खबरें