यमुना एक्सप्रेसवे : जेवर टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करने जा रहे किसान नजरबंद, पुलिस तैनात

यमुना सिटी | 3 साल पहले |

Tricity Today | जेवर टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करने जा रहे किसान नजरबंद



संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शनिवार को कई किसान संगठन अलग-अलग जगहों पर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। नोएडा में भी किसान संगठन यमुना एक्सप्रेसवे के टोल पर जाकर प्रदर्शन करने वाले थे। पुलिस ने ऐसा नहीं करने के लिए समझाया। जब किसान नहीं माने तो उन्हें नोएडा पुलिस ने नजरबंद कर दिया है।

नोएडा के सेक्टर-116 में शनिवार की सुबह सैकड़ों किसानों को नोएडा पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। किसान आज कृषि कानूनों के खिलाफ यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल पर विरोध प्रदर्शन करने वाले थे। प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस सेक्टर-116 पहुंची और सभी किसानों को वहीं नज़रबन्द कर दिया। किसान यहां से टोल प्लाजा के लिए कूच करने जा रहे थे। किसानों ने कहा, "संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आज कृषि कानूनों के खिलाफ टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करने जा रहे थे। तभी पुलिस ने हमें नजरबंद कर दिया।" किसानों का आगे कहना है की कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन जरूर करेंगे। पुलिस अपना काम करती रहे हम लोग भी अपना काम करेंगे। जब तक यह कानून वापस नहीं हो जाता तब तक प्रदर्शन नहीं रुकेगा।

आपको बता दें कि केंद्र सरकार के तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए भारतीय किसान यूनियन और भारतीय किसान संघ समेत तमाम संगठन आंदोलन कर रहे हैं। किसानों को 6 महीने से ज्यादा वक्त आंदोलन करते हुए बीत चुका है। इसी सिलसिले में संयुक्त किसान मोर्चा ने शनिवार को देशभर में प्रदर्शन करने का आह्वान किया था। गौतमबुद्ध नगर के किसान संगठन यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर टोल प्लाजा जाकर प्रदर्शन करना चाहते थे। इससे यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित हो सकता था। हालात सामान्य रखने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने किसानों को ऐसा नहीं करने के लिए कहा था। जब किसान नहीं माने तो शनिवार की सुबह किसानों को नोएडा के सेक्टर-116 में नजरबंद कर लिया गया है।

अन्य खबरें