जरूरी खबर : अब यमुना एक्सप्रेसवे पर कार और बाइक वालों को देना पड़ेगा ज्यादा टोल, ये हैं नई दरें

Tricity Today | Yamuna Expressway



Yamuna Expressway Toll Rates : अगर आप यमुना एक्सप्रेसवे पर यात्रा करते हैं तो आपके लिए बेहद जरूरी खबर है। आज रात से एक्सप्रेसवे पर टोल रेट बढ़ा दिए गए हैं। जेपी इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड की ओर से बढ़ी दरों का प्रस्ताव यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (Yamuna Authority) को दिया गया। बुधवार को अथॉरिटी की बोर्ड बैठक हुई, जिसमें नई टोल दरों को मंजूरी दे दी गई है। ख़ास बात यह है कि टू व्हीलर, थ्री व्हीलर और किसानों के रजिस्टर्ड ट्रैक्टर से जुड़े टोल रेट नहीं बढ़ाए जाएंगे। अब कार वालों को ग्रेटर नोएडा से आगरा तक 165 किलोमीटर की एक तरफ यात्रा करने के लिए 437 रुपये चुकाने पड़ेंगे।
 
इस दो वजह से बढ़ाए गए टोल रेट
यमुना अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया, "एक्सप्रेसवे पर कंपनी ने रोड सेफ्टी के लिए कई बड़े काम किए हैं। वित्तीय वर्ष 2022-23 में एक्सप्रेसवे पर टोल दरें बढ़ाई गई हैं। कंपनी ने 28 फरवरी 2022 को टोल बढ़ाने के लिए पत्र लिखा था। इस पत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के 19 फरवरी 2010 और 17 जनवरी 2015 के नोटिफिकेशन को आधार बनाया गया है।" सीईओ ने कहा, "वर्ष 2018-19 के बाद टोल बढ़ने का प्रस्ताव आया था लेकिन 14 सितंबर 2021 को टोल दरें यथावत रखने का फैसला लिया गया था। अब कंपनी ने जानकारी दी है कि आईआईटी दिल्ली के रोड सेफ्टी ऑडिट में दिए गए सुझावों पर काम किया गया है। रोड सेफ्टी के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर 22 सुधार किए गए हैं। जिन पर कंपनी ने 130.54 करोड रुपए खर्च किए हैं।" दूसरी वजह बताई कि वर्ष 2019 के बाद टोल दरों में इजाफा किया गया है। जेपी इंफ्राटेक ने करीब 130 करोड रुपए खर्च करके एक्सप्रेसवे पर सेफ्टी-सिक्योरिटी इंतजाम किए हैं। इसे आधार बनाते हुए नई दरें प्रस्तावित की गई थीं।

जानिए अब किसे कितने पैसे देने पड़ेंगे
वाहन पुराना टोल नया टोल
टू व्हीलर 205 205
कार या जीप जैसे हल्के वाहन 415 437
हल्के माल वाहन 635 684
सिक्स एक्सल 1295 1394
अत्यधिक भारी 2250 2739

 कुछ इस तरह बढ़ाए गए टोल रेट
  1.  टू-व्हीलर, थ्री व्हीलर और रजिस्टर्ड ट्रैक्टर को टोल दरों में बढ़ोत्तरी से अलग रखा गया है।
  2. कार, जीप, वैन और हल्की मोटरसाइकिल की दर 2.50 रुपए प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 2.65 रुपये प्रति किलोमीटर कर दी गई है।
  3. हल्के व्यवसायिक वाहन, हल्के माल यान, मिनी बस की टोल दरें 3.90 प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 4.15 रुपए प्रति किलोमीटर कर दी गई हैं। 
  4. बस या ट्रक की दर 7.90 रुपए प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 8.45 रुपए प्रति किलोमीटर कर दी गई हैं।
  5. छह एक्सल वाले भारी वाहन से अभी 12.05 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से टोल वसूली की जा रही थी, इसे बढ़ाकर ₹12.45 किलोमीटर कर दी गई है।
  6. अत्यधिक भारी वाहनों से अब तक ₹15.55 प्रति किलोमीटर की दर से टोल लिया जा रहा था, अब यह दर बढ़ाकर ₹16.60 पैसे प्रति किलोमीटर कर दी गई है।

अन्य खबरें