Film City News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आदेश- ‘अविलंब शुरू हो फिल्म सिटी निर्माण का काम,’ 6000 करोड़ की लागत से बनेगी 

यमुना सिटी | 3 साल पहले |

Tricity Today | Film City Construction



Uttar Pradesh: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज एक बार फिर यमुना सिटी में विकसित होने वाली फिल्म सिटी प्रोजेक्ट को लेकर बड़ा आदेश दिया है। आज सुबह प्रोजेक्ट की समीक्षा के दौरान उन्होंने इसे जल्दी पूरा करने को कहा। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में विश्वस्तरीय फिल्म सिटी के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इससे जुड़ी सभी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जाएं। इस फिल्म सिटी को देश-दुनिया के फिल्मकारों, कलाकारों की पहली पसंद बनाया जाएगा। आज सुबह कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए गठित टीम-9 के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने यह महत्वपूर्ण आदेश दिया। 

दरअसल जेवर में प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण का काम शुरू हो गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में से फिल्म सिटी को विकसित किए जाने का काम बाकी है। इसी साल के आखिर में यूपी में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। उससे पहले राज्य सरकार फिल्म सिटी को स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू करने पर काम कर रही है। बताते चलें कि यमुना सिटी में 6000 करोड़ की लागत से करीब 1000 एकड़ में नई फिल्म सिटी विकसित की जानी है। इसके लिए सेक्टर-21 में जमीन आवंटित कर दी गई है। जुलाई के आखिरी हफ्ते में इसकी डीपीआर को शासन से मंजूरी के लिए भेजा गया था।

पीपीपी मॉडल पर विकसित होगी
फिल्म सिटी को पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाना है। इसके लिए तीन मॉडल पर विचार किया जा रहा है। इन तीनों में से एक मॉडल को फिल्म सिटी के विकास में अपनाया जाएगा। फिल्म सिटी प्रोजेक्ट को पूरा करने में 6000 करोड़ रुपए से अधिक का खर्च आएगा। प्रारंभिक रिपोर्ट बताती है कि इस योजना से पैसा वापस निकालने में 40 से 60 वर्ष तक का समय लग सकता है। इसलिए विकासकर्ता कंपनी को 40 से 60 साल के बीच का समय दिया जाएगा। यानी विकासकर्ता कंपनी परियोजना पर पूरा पैसा खर्च करेगी। इसी से अपनी लागत निकालेगी। इस लागत के साथ ही यमुना प्राधिकरण को भी पैसा मिलेगा। इसके विकास और लाइसेंस फीस लेने के लिए तीन मॉडल तैयार किए गए हैं। 

कुछ इस तरह होगी फिल्म सिटी – 
  1. व्यवसायिक-40 एकड़
  2. एम्यूजमेंट पार्क-120 एकड़
  3. होटल रेस्टोरेंट- 21 एकड़
  4. फिल्म फैसिलिटी-740 एकड़
  5. रिटेल-34 एकड़
  6. आवासीय-40 एकड़ 
  7. फिल्म इंस्टीट्यूट-40 एकड़
किस पर कितना पैसा खर्च किया जाएगा (करोड़ रुपए में) - 
  1. स्टूडियो - 1513 
  2. रिटेल मॉल - 989 
  3. फिल्म इंस्टीट्यूट - 914
  4. इंफ्रास्ट्रक्चर विकास - 842
  5. होटल रेस्टोरेंट - 532 
  6. बैकलॉट सेट - 393 
  7. एम्यूजमेंट पार्क - 378
  8. आवासीय मकान - 307
  9. ऑफिस - 227 
  10. बैकलॉट वर्कशॉप - 214
  11. बैकलॉट ओपन एरिया - 149

अन्य खबरें