जेवर एयरपोर्ट का असर : यमुना अथॉरिटी ने कोरोना काल में 169% आमदनी बढ़ाई, 9 अरब रुपये लाभ कमाया

Tricity Today | Dr Arunvir Singh



Greater Noida : जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) का फायदा दिखने लगा है। एयरपोर्ट का यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (Yamuna Authority) को बड़ा लाभ मिला है। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कोरोना काल के दौरान पिछले 2 वर्षों में यमुना अथॉरिटी की आमदनी में रिकॉर्ड तोड़ इजाफा दर्ज किया गया है। सोमवार को यमुना अथॉरिटी की बोर्ड बैठक हुई। जिसमें पिछले 3 वर्षों का वित्तीय लेखा-जोखा पेश किया गया है। अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह (Dr.Arunvir Singh IAS) ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस वित्तीय वर्ष में प्राधिकरण को 169% ज्यादा आमदनी हुई है।

पिछले साल से 169% ज्यादा आमदनी हुई
यमुना अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया, "एक अप्रैल 2021 से 15 दिसम्बर 2021 तक प्राधिकरण को विभिन्न योजनाओं से 2,120.97 करोड़ रुपये की आय हुई है। इस दौरान 1,474.40 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। पिछले वित्तीय वर्ष के मुकाबले प्राधिकरण की आमदनी में 169% इजाफा हुआ है। चालू वित्तीय वर्ष में प्राधिकरण को शुद्ध 455 करोड़ रुपये की आय हुई है।" डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने आगे कहा, "सोमवार को यमुना प्राधिकरण की बोर्ड बैठक हुई। जिसमें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, आवंटियों के लिए एकमुश्त समाधान योजना और पिछले 3 वर्षों का आय-व्यय का ब्यौरा पेश किया गया है। सभी प्रस्तावों को प्राधिकरण के बोर्ड ने मंजूरी दे दी है।"

यमुना अथॉरिटी ने 3 वर्षों में 9 अरब रुपए कमाए
पिछले 3 वित्तीय वर्ष विश्वव्यापी कोविड-19 महामारी की चपेट में रहे हैं। खास बात यह है कि इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी ने अपने इतिहास की सबसे बड़ी आमदनी दर्ज की है। पिछले 3 वित्तीय वर्षों में यमुना अथॉरिटी ने करीब 9 अरब रुपए का शुद्ध लाभ कमाया है। जबकि, प्राधिकरण को करीब 3,500 करोड़ रुपए का राजस्व मिला है। यमुना अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने बताया, "हमें वित्तीय वर्ष 2018-19 में शुद्ध लाभ 149 करोड रुपए हुआ था। वित्त वर्ष यानी 2019-20 में शुद्ध लाभ बढ़कर 289 करोड़ रुपए हो गया। पिछले वित्त वर्ष 2020-21 में शुद्ध लाभ 455 करोड रुपए हुआ है। चालू वित्त वर्ष 31 मार्च 2022 को समाप्त होगा। पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार शुद्ध आय और ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है। कुल मिलाकर पिछले 3 वित्तीय वर्षों में यमुना अथॉरिटी का शुद्ध लाभ 893 करोड रुपए रहा है।"

जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भरपूर फायदा मिला
यमुना अथॉरिटी को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का फायदा मिला है। जेवर में पिछले महीने 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाईअड्डे का शिलान्यास किया है। सितंबर 2024 तक इस हवाईअड्डे से अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें शुरू हो जाएंगी। यह हवाईअड्डा उत्तर भारत में सबसे बड़ा कार्गो हब बनेगा। उत्तर प्रदेश सरकार पिछले 5 वर्षों से लगातार इस परियोजना को धरातल पर लाने के लिए काम कर रही थी। जिसके चलते दुनियाभर के निवेशकों और उद्योगपतियों के लिए यह इलाका आकर्षण का केंद्र बन गया है। यही वजह रही कि जब कोरोनावायरस के कारण पूरी दुनिया आर्थिक और औद्योगिक मंदी की चपेट में थी, उस वक्त भी यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को लेकर छोटे-बड़े उद्यमियों में उत्साह बना रहा।

अन्य खबरें