BIG BREAKING: यमुना अथॉरिटी को स्विट्जरलैंड से 100 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर मिले, सीईओ ने जिम्स को 25 सौंपे

Tricity Today | यमुना अथॉरिटी को स्विट्जरलैंड से 100 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर मिले



कोरोनावायरस के संक्रमण के कारण फैली महामारी से निपटने के लिए दुनिया भर से सहायता आ रही है। इसी सिलसिले में शनिवार की शाम स्विट्जरलैंड से मदद की खेप दिल्ली पहुंच गई थी। स्विस कंपनियों की ओर से यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण को 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दिए गए हैं। रविवार की सुबह यह कंसंट्रेटर ग्रेटर नोएडा पहुंच गए हैं। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने ग्रेटर नोएडा राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान को 25 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दिए हैं। इससे संस्थान में मरीजों का उपचार करने में बड़ी मदद मिलेगी।

यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया कि अथॉरिटी को स्विट्जरलैंड से आए 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मिल गए हैं। यह ऑक्सीजन कंसंट्रेटर स्विस ह्यूमैनिटेरियन ऐड के तहत स्विस-इंडियन चेंबर ऑफ कॉमर्स ने भेजे हैं। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर यमुना प्राधिकरण को जुरिख़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर से भेजे गए हैं। इनमें से 25 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर हाथोंहाथ राजकीय विज्ञान संस्थान के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ.आरके गुप्ता को सौंप दिए गए हैं। अरुणवीर सिंह ने कहा, "इससे जिम्स की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। यह पहल भारतीय और स्विस कंपनियों के साथ-साथ दोनों देशों के नागरिकों के बीच रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाएगी।"



अरुणवीर सिंह ने कहा, "बाकी 75 कंसंट्रेटर में से 25 नोएडा के सेक्टर-39 में स्थित कोविड-19 अस्पताल को भेजे गए हैं। 50 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जेवर में बनाए जा रहे कोविड-19 अस्पताल को दिए जाएंगे। जेवर का कोविड-19 अस्पताल अगले एक-दो दिन में काम शुरू कर देगा। इसके अलावा विवो मोबाइल कंपनी और कई दूसरी कंपनियां भी मदद करने के लिए आगे आए हैं। इन्हें वेंटिलेटर जैसे दूसरे उपकरण देने के लिए कहा गया है।" अरुणवीर सिंह ने बताया कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-18 में ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिलिंग सेंटर ने काम शुरू कर दिया है। रविवार की सुबह जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह और अरुणवीर सिंह ने ऑक्सीजन रिफिलिंग सेंटर का दौरा भी किया।

 

अन्य खबरें