अच्छी खबर : यमुना प्राधिकरण महिलाओं को देगा खास तोहफा, महिला थाना और पिंक टॉयलेट बनेंगे

Tricity Today | Dr Arunvir Singh IAS



यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने की योजना पर लगातार काम कर रहा है। इस क्रम में शहर के सेक्टर-18 और सेक्टक-29 में पिंक टॉयलेट का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही यहां पर एक महिला थाना भी बनवाया जाएगा। महिला थाने के निर्माण के लिए 4000 वर्ग मीटर जमीन चिन्हित कर रिजर्व रखी गई है। 

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, 8 मार्च को पिंक टॉयलेट का शिलान्यास किया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। यहां आर्थिक गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। इसको ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने क्षेत्र में जरूरी सुविधाओं को विकसित करने का काम तेज कर दिया है। 

दो पिंक टॉयलेट बनेंगे
प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुण वीर सिंह  ने बताया कि 8 मार्च को दो पिंक टॉयलेट का शिलान्यास किया जाएगा। एक पिंक टॉयलेट सेक्टर-18 और दूसरा सेक्टर-29 में बनेगा। सेक्टर-29 में अपैरल पार्क है। इस वजह से इलाके में महिला कर्मियों का आना-जाना ज्यादा रहेगा। इसीलिए प्राधिकरण ने यहां पिंक टॉयलेट बनाने का फैसला लिया है। पिंक टॉयलेट के निर्माण में करीब 18 लाखों रुपए खर्च होंगे।

महिला थाना बनेगा
साथ ही प्राधिकरण क्षेत्र में एक महिला थाना बनाने जा रहा है। इसके लिए 4000 वर्ग मीटर जमीन चिन्हित कर ली गई है।  इसका प्रस्ताव जल्द ही शासन और पुलिस प्रशासन को भेजा जाएगा। ताकि महिला थाने के निर्माण का काम शुरू हो सके। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्दी ही प्रशासन से आखिरी फैसला आएगा।

अन्य खबरें