Yamuna Film City दुनिया में सबसे बेहतरीन होगी, राजू श्रीवास्तव और अरुणवीर सिंह ने बनाई यह योजना

Tricity Today | राजू श्रीवास्तव और अरुणवीर सिंह



यमुना अथॉरिटी (Yamuna Authority) फिल्म सिटी दुनिया में सबसे शानदार होगी। इस प्रोजेक्ट और कंसेप्ट पर मंथन करने के लिए बुधवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में फिल्म बंधु की बैठक हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश फिल्म निर्माण परिषद के अध्यक्ष राजू श्रीवास्तव (Raju Shrivastav) भी शामिल हुए। बैठक के बाद राजू श्रीवास्तव ने कहा, "यमुना सिटी में बनने जा रही फिल्म सिटी को तकनीकी, लोकेशन और सुविधाओं के लिहाज से दुनिया में सबसे शानदार बनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) का यह सपना बहुत जल्दी साकार होने जा रहा है।"

राजू श्रीवास्तव ने कहा, "उत्तर प्रदेश कला और संस्कृति के दृष्टिकोण से बेहद समृद्ध राज्य है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सकारात्मक नीतियों का परिणाम है कि इस वक्त प्रदेश में 100 से ज्यादा फिल्मों का निर्माण चल रहा है। जब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे एक विश्वस्तरीय फिल्म सिटी का निर्माण करने की घोषणा की है, तब से भारत ही नहीं पूरी दुनिया के फिल्म निर्माता इस ओर देख रहे हैं। पूरी दुनिया में इस वक्त काम कर रही फिल्म सिटी का ध्यान करके यहां अंतरराष्ट्रीय रूप से समृद्ध फिल्म सिटी बनाने का फैसला लिया है। आज यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुणवीर सिंह के साथ प्रोजेक्ट पर चर्चा की है। उन्होंने बेहद बारीकी से जानकारियां दी हैं। उनका विजन और कंसेप्ट एकदम क्लियर है। जिससे मुझे भरोसा हो गया है कि यहां बनने वाली फिल्म सिटी अत्याधुनिक तकनीकी रूप से समृद्ध और सुविधा संपन्न होगी।"

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुण वीर सिंह ने कहा, "उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के चेयरमैन राजू श्रीवास्तव के साथ बैठक हुई। फिल्म बंधु की बैठक हुई। उन्हें फिल्म सिटी प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। उन्होंने भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उनके सुझावों को समाहित किया जाएगा। फिल्म सिटी की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने का काम तेजी से चल रहा है। बहुत जल्दी मौके पर भी काम शुरू हो जाएगा। फिल्म सिटी के लिए 1000 एकड़ जमीन आरक्षित कर दी गई है।" अरुणवीर सिंह ने बताया कि फिल्म निर्माण से जुड़ी कंपनियां परियोजना में दिलचस्पी ले रही हैं। बड़ी संख्या में देशभर की कंपनियों ने जानकारी हासिल की हैं। कई विदेशी कंपनियों ने भी परियोजना को लेकर पूछताछ की है।

आपको बता दें कि करीब 2 महीने पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (UP Chief Minister Yogi Adityanath) मुंबई पहुंचे थे। वहां पर योगी ने ग्रेटर नोएडा में यमुना सिटी को लेकर फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार के साथ मुलाकात की थी। दोनों ने करीब एक घंटे तक बातचीत की थी। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने होने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर लिखा था कि, "मुंबई में भारतीय फिल्म जगत के लोकप्रिय अभिनेता अक्षय कुमार जी से शिष्टाचार भेंट हुई। चलचित्र जगत के विभिन्न पहलुओं के संबंध में उनसे सार्थक विमर्श हुआ। अपने कार्य के प्रति उनकी समझ, लगन और रचनाधर्मिता युवाओं के लिए प्रेरणास्पद है।"

यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में फिल्म सिटी बसाने की तैयारी है। यहां 1,000 एकड़ में फिल्म सिटी बसाई जाएगी। इसमें 780 एकड़ जमीन औद्योगिक उपयोग की और 220 एकड़ जमीन व्यवसायिक उपयोग के लिए है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस प्रोजेक्ट को लेकर संजीदा है और खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं। फिल्म सिटी की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की जिम्मेदारी शासन की ओर से यमुना प्राधिकरण को दी गई है।
 

अन्य खबरें